नोएडा के सेक्टर 32 स्थित एक मशहूर शॉपिंग मॉल के चेजिंग रुम में एक महिला के साथ शर्मनाक घटना हो गई। इस घटना के बाद हंगामा मच गया। घटना गुरुवार (05 मार्च, 2020) की है। जानकारी के मुताबिक इस मॉल में यह महिला कपड़े खरीदने गई थीं।
महिला मॉल में स्थित एक मल्टी-ब्रांड कपड़ों के शोरूम में स्थित ट्रायल रूम के अंदर थीं। उसी वक्त उन्हें ऐसा लगा कि कोई शख्स ट्रायल रूम के अंदर तांक-झांक करने की कोशिश कर रहा है। महिला ने शोरूम के ही एक स्टाफ को ऐसी हरकत करते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया।
इसके बाद तो शोरूम में हंगामा मच गया। महिला ने तुरंत अपने पति और स्टोर के दूसरे कर्मचारियों को इस बात की सूचना दी। कुछ ही समय बाद लोगों ने पुलिस को भी इस बात की जानकारी दे दी।
पुलिस ने इस मामले में 21 साल के हाउस कीपिंग स्टाफ को गिरफ्तार कर लिया है। 06 मार्च को पुलिस ने बताया कि ‘जब एक महिला ग्राहक ट्रायल रूम के अंदर मौजूद थीं तब उसने ट्रायल रूम के अंदर झांकने की कोशिश की।’
इस मामले में नोएडा सेक्टर- 24 पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कराया गया है। आरोपी युवक को स्थानीय अदालत में पेश किया गया था जिसे अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
आपको बता दें कि पिछले साल सितंबर के महीने में भी एक ऐसी ही शिकायत दिल्ली पुलिस के सामने आई थी। उस वक्त 27 साल की एक महिला पत्रकार दक्षिण दिल्ली के ग्रेटर कैलाश स्थित एक मार्केट में कपड़े खरीदने गई थीं।
महिला पत्रकार ने आरोप लगाया था कि दुकान के ट्रायल रूम में कपड़ा बदलते वक्त ट्रायल रूम के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगे थे और दुकानदार उस वक्त सीसीटीवी कैमरे का वीडियो देख रहा था। महिला ने उस वक्त आरोप लगाया था कि उन्हें जबरदस्ती उस कमरे में भेजा गया था जहां कैमरे लगे थे। महिला पत्रकार ने पुलिस को लिखित शिकायत दी थी।
इससे पहले अप्रैल 2015 में तत्कालीन मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी को गोवा में एक मशहूर कपड़ा स्टोर में छिपे हुए कैमरे का पता चला था जिसका मुंह ट्रायल रूम की तरफ था। स्मृति ईरानी की शिकायत पर चार कर्मचारी गिरफ्तार किये गये थे।