IAS अधिकारी बनकर लोगों को ठगने वाले एक शख्स को नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह अपने साथ दो गनर और ड्राइवर भी साथ लेकर चलता था। लाल बत्ती का गाड़ी से वह लोगों पर रौब जमाता था। वह अपने को गृह मंत्रालय का ज्वाइंट डायरेक्टर बताता था। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल और एक रिवॉल्वर भी बरामद किया है। पुलिस ने फर्जी आईएएस के अलावा उसके दोनों गनर और ड्राइवर को भी गिरफ्तार कर लिया है।
नोएडा पुलिस के अनुसार फर्जी आईएएस के रूप में पकड़े गए शख्स का नाम कृष्ण प्रताप सिंह है। जो लोगों को रौब दिखाकर खुद को गृह मंत्रालय का अधिकारी बताता था। इस मामले को लेकर नोएडा एडीसीपी मनीष कुमार मिश्रा ने बताया कि एक गाड़ी पकड़ी गई है जिसमें चार लोग सवार थे। वो खुद को IAS अधिकारी बताता था। उसके साथ दो गनर भी थे उन सभी को भी गिरफ्तार किया गया है। वह खुद को अधिकारी बताकर लोगों ने पैसे ऐंठता था। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार फर्जी आईएएस अधिकारी अलग-अलग विभाग के अधिकारियों के पास जाता था और खुद को गृह मंत्रालय का ज्वाइंट डायरेक्टर बताकर काम का दबाव देता था। साथ ही वो लोगों से धोखाधड़ी करके पैसा भी वसूलता था। वो अपना माहौल ऐसा बनाकर रखता था कि लोगों को लगे कि ये सच में आईएएस अधिकारी है। वो अपने साथ दो गनर और एक ड्राइवर रखता था। इसके अलावा वो लाल बत्ती लगी गाड़ी से घूमता था।
असली अधिकारी भी निकल रहे फर्जी
ये पहला मामला नहीं है जब फर्जी आईएएस अधिकारी पकड़ा गया हो। इससे पहले भी कई बार इस तरह के मामले आते रहे हैं। हाल ही में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आईएएस बनने वाली पूजा खेडकर का मामला भी सुर्खियों में आया था। भारी बवाल के बाद उसे बर्खास्त कर दिया गया।