पश्चिमी दिल्ली के रनहौला में किराए के मकान में रह रहे देवर-भाभी की हत्या कर दी गई। शनिवार तड़के दोनों एस ब्लॉक के अपने कमरे में मृत मिले। दोनों की पहचान 45 साल की सुनीता और 40 साल के राजेश के रूप में हुई है। राजेश की लाश जहां छत पर मिली वहीं महिला की लाश घर के अंदर मिली। पुलिस का कहना है कि हत्या में लूटपाट का बिंदु नहीं प्रतीत हो रहा। पुलिस आपसी रंजिश, अवैध संबंध सहित अन्य सभी बिंदुओं से मामले की जांच कर रही है।

सूत्रों के मताबिक, राजेश ड्राइवर का काम करता था। वह मूल रूप से हरियाणा का निवासी था और दिल्ली के रनहौला विकासनगर में किराए के घर में रहता था। उसके साथ उसकी भाभी सुनीता भी पति की मौत के बाद रहती थी। राजेश शादीशुदा है। सुनीता की दो लड़कियों की शादी हो चुकी है। सुनीता का बेटा है जो अपनी शादीशुदा बहन के साथ रहता है। राजेश भी शादीशुदा है। उसके बच्चे हैं या नहीं इसकी जांच की जा रही है। जब घटना हुई तो घर पर कोई और नहीं था। घटना के बाद राजेश के परिजन भी वहां पहुंचे लेकिन हत्या के कारणों का उन्हें भी कोई कारण नहीं पता। बताया जा रहा है कि सुनीता का मायके बापरौला इलाके में है।

जिले के पुलिस उपायुक्त पुष्पेंद्र कुमार का कहना है कि घटना में किसी भी तरह की लूटपाट नहीं हुई है। बदमाशों का घर में प्रवेश भी दोस्ताना था। दोनों की हत्या सिर पर किसी भारी चीज से मारने से हुई है। पुलिस मौका ए वारदात से सभी साक्ष्य लेकर जांच के लिए भेज दिया है। इन दोनों के परिजनों से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में जानकारों के हाथों हत्या लग रही है।