जम्मू कश्मीर के सुंदरबनी सेक्टर में पाकिस्तान पोषित आतंकवादियों के एक गुट ने रविवार को घुसपैठ की कोशिश की, जिसे सेना ने नाकाम कर दिया। राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा पर हुई इस मुठभेड़ में सेना ने दो घुसपैठियों को ढेर कर दिया, लेकिन सेना के तीन जवान शहीद हो गए। एक अन्य जवान घायल हुआ है, जिसे ऊधमपुर स्थित सेना के कमान अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मार गिराए गए घुसपैठियों के शव पास से दो एके-47 राइफलें और कई असलहे व गोला-बारूद बरामद किया है। सुंदरबनी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर यह मुठभेड़ दोपहर बाद पौने दो बजे हुई। आतंकवादियों की संख्या छह से आठ बताई जा रही है।
सेना के प्रवक्ता के मुताबिक, सेना के एक गश्ती दल ने आतंकियों के समूह को देखा और उन्हें ललकारा। आतंकियों की ओर से जबरदस्त गोलीबारी किए जाने पर मुठभेड़ शुरू हो गई। सेना के तीन जवान मौके पर ही शहीद हो गए। जवानों की ओर से चलाई गई गोलियों से दो आतंकी मारे गए। उनके बाकी साथी मौके से भाग निकले। मारे गए आतंकियों के साथियों की तलाश में सेना ने अभियान शुरू किया है। सीमा पर सेना के सभी अग्रिम मोर्चों को सतर्क कर दिया गया है। इस बीच, रविवार तड़के राजस्थान के श्रीगंगानगर और बीकानेर से लगती भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने भारत में घुसने का प्रयास कर रहे एक घुसपैठिए को मार गिराया। सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों के मुताबिक तड़के तीन बजे कैलाश पोस्ट पर 35 साल के एक घुसपैठिए को देखा गया। उसे मार गिराया गया। पाकिस्तानी घुसपैठिए के शव को पाकिस्तान रेंजर्स को सौंपा जाएगा।

