साक्षी मर्डर केस के CCTV फुटेज ने पूरे देश को हैरान कर दिया है। सोशल मीडिया पर लोग साक्षी के हत्यारे साहिल के लिए सख्त से सख्त सजा की मांग कर रहे हैं। साहिल को पुलिस ने यूपी के बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया है। साक्षी की हत्या के बाद साहिल बुलंदशहर भाग गया था। यहां पहुंचकर उसने अपने पिता को कॉल की, जिसके बाद वह गिरफ्त में आया।
दिल्ली पुलिस सूत्रों ने सोमवार शाम को जानकारी दी कि साक्षी की हत्या के बाद साहिल ने अपना मोबाइल स्वीच ऑफ कर लिया था। वह हत्या के बाद अपने एक रिश्तेदार के घर पर छिपने के लिए बुलंदशहर भाग गया था। हालांकि वहां पहुंचने के बाद उसने अपना मोबाइल ऑन कर पिता को कॉल किया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने उसके नंबर को टेक्निकल सर्विलांस पर लगाया हुआ था। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। साहिल बस के जरिए दिल्ली से बुलंदशहर गया था। वहीं दूसरी तरफ साक्षी के शव की प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह सामने आया है कि उसके सिर पर पैनी वस्तु से हुए प्रहार की वजह से उसकी खोपड़ी फट गई।
साक्षी की हत्या से जुड़ी बड़ी बातें
- रविवार शाम नॉर्थ वेस्ट दिल्ली के शाहबाद डेरी इलाके में 16 साल की साक्षी लड़की की कई बार चाकू से वार कर और फिर पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। इस दौरान राहगीरों ने आरोपी को रोकने की कोई कोशिश नहीं की।
- दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार, साहिल और साक्षी ‘रिलेशन’ में थे, लेकिन शनिवार को उनमें झगड़ा हो गया था।
- लड़की रविवार शाम अपनी सहेली की बेटी की बर्थडे पार्टी के लिए शॉपिंग करने गई थी। वहीं रास्ते में साहिल ने उसे रोक लिया और उस पर हमला कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
- दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा, ‘‘क्या कसूर था 16 साल की गुड़िया को जो उसे इस तरह सड़क पर बेरहमी से मार डाला गया? दिल्ली में किसी को पुलिस और कानून का डर नहीं है। यदि आज कुछ नहीं किया गया तो दरिंदगी की सारी हदें पार होती रहेंगी।’’
- राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा, ‘‘कोई अशिक्षित व्यक्ति भी इतना निर्दयी नहीं हो सकता कि किसी की इतनी निर्मम हत्या कर दे। समाज की सोच में बहुत कमी आ रही है, इस पर काम करने की जरूरत है। वह जैसे सामाजिक माहौल में पला वैसी ही उसकी सोच बनी। आजकल के समाज की स्थिति सोचने वाली है। परिवारों को सोचना चाहिए कि अपने लड़कों को कैसे पालें कि वे किसी की हत्या न करें।’’