दिल्ली के बाजार तो खुल गए हैं लेकिन ग्राहक नदारद हैं। कोरोना संक्रमण के लगातार बढ़ रहे मामलों के कारण जरूरी चीजों को छोड़ लोग तमाम खरीदारी से परहेज कर रहे हैं। यह मिठाइयों की खरीद में भी लागू है। लेकिन रक्षाबंधन पर इस बार मदर डेयरी के बूथ से अब मिठाइयां भी खरीदी जा सकती हैं। कोविड-19 महामारी के माहौल में लोगों ने दूध-सब्जियों के लिए सहकारी उपक्रम मदर डेयरी पर भरोसा किया था। इन्हीं बूथ का उपयोग कर कोरोना से बचाव के उपबंधों पर अमल करते हुए मिठाइयों की कुछ किस्मों को भी जनता के लिए मुहैया कराने का फैसला किया गया है।

मदर डेयरी के प्रबंध निदेशक संग्राम चौधरी ने इसे मौजूदा परिवेश में उचित कदम बताया है। ताकि लोग भयमुक्त होकर मिठाइयां पा सकें। बकौल संग्राम चौधरी मिठाई और समारोह भारतीय समाज के लिए अभिन्न हैं, लेकिन वर्तमान स्थिति के साथ सुरक्षा नया मापदंड बन गया है और खाद्य सुरक्षा भी जनता की प्रमुख चिंता के रूप में विकसित हो गई है। खुली मिठाइयों की बजाए पैक की हुई मिठाइयों के प्रति बढ़ती प्राथमिकता के कारण, हमने अपने उपभोक्ताओं को सुरक्षित, गुणवत्ता और स्वच्छता के साथ मिठाई भी मुहैया कराने का फैसला किया है।

उन्होंने कहा कोरोना विषाणु के माहौल के बीच आगामी त्योहारों को मनाने की चिंता को कम करने के उद्देश्य से, भारत के प्रमुख दूध और दूध उत्पाद कंपनी मदर डेयरी ने दिल्ली व आसपास के अपने बूथों पर पारंपरिक दूध-आधारित मिठाइयों की अपनी रेंज उतारी है। मदर डेयरी के बूथ से पारंपरिक दूध-आधारित अब पांच मिठाइयां मिल्क केक और नारंगी मावा बर्फी के अलावा रसमलाई, गुलाब जामुन और रसगुल्ला खरीदे जा सकते हैं।

मदर डेयरी के एक अन्य अधिकारी के मुताबिक उपभोक्ताओं को पूरी गुणवत्ता के साथ यह सुविधा मिलेगी। इसे स्वच्छ रूप से पैक किया जाता है। यह सुविधा लगभग 1500 बूथों पर उपलब्ध है।

इतना ही नहीं सुरक्षा और स्वच्छता के ब्रांड के वादे को आगे बढ़ाने के लिए मदर डेयरी ‘हैपीमीठाबंधन’ नाम से एक अभियान भी शुरू कर रही है। जो रक्षा बंधन के लोकप्रिय त्योहार पर केंद्रीत होगा। मदर डेयरी का यह अभियान कोरोना विषाणु से अपनी मिठाइयों की सुरक्षा के बारे में
जागरूकता फैलाएगा।

उत्पाद                पैक साइज        मूल्य
मिल्क केक          400 ग्राम            220

मावा बर्फी            400 ग्राम            220

रसगुल्ला              1 किलो                210

गुलाब जामुन        1 किलो               220

रसमलाई               500 ग्राम          220