दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) की ब्लू लाइन पर गुरुवार सुबह सिग्नल की समस्या के कारण सेवाओं में करीब एक घंटे का विलंब हुआ। बाद में सेवाएं देरी व धीमी गति से चलीं। परेशान यात्रियों को डीएमआरसी ने ट्विटर पर इसकी जानकारी दी। डीएमआरसी ने ट्वीट किया कि द्वारका सेक्टर-21 और नोएडा इलेक्ट्रानिक सिटी व वैशाली के बीच सेवाओं में देरी हुई। अन्य लाइन पर सेवाएं सामान्य रहीं। इसके बाद एक बयान में डीएमआरसी ने कहा कि ब्लू लाइन पर सुबह 9:10 बजे से 10 बजे तक सिग्नल में पेरशानी के कारण सेवाएं प्रभावित रहीं, जिसके परिणामस्वरूप ट्रेनों की आवाजाही धीमी हो गई।
बयान में कहा गया कि समस्या के कारण इस दौरान कई ट्रेनों की सेवाओं में देरी हुई। वहीं, सुबह 10 बजे सिग्नल की समस्या का समाधान हो पाया और उसके बाद पूरी लाइन पर सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य हो गर्इं। ब्लू लाइन वैशाली और नोएडा को द्वारका से जोड़ती है। दरअसल, दिल्ली मेट्रो में स्वचालित सिग्नलिंग प्रणाली है जो केंद्रीय नियंत्रण कक्ष से संचालित होती है। सूत्रों के मुताबिक इस स्वचालित प्रणाली में गड़बड़ी आने से गाड़ियां जहां की तहां रुक जाती हैं। लाइन के प्रभावित हिस्से में दिक्कत को दूर करने तक दूसरी गाड़ियों को पारंपरिक सिग्नल प्रणाली के तहत धीमी रफ्तार से चलाया जाता है। इस तरह सेवाएं शुरू होने के बाद भी काफी सुस्त रफ्तार से चलती हैं।
दिक्कत के समय लोगों के दफ्तर जाने का वक्त था। गाड़ियां जहां तहां खड़ी होने से स्टेशनों पर भीड़ बढ़ने लगी। देखते ही देखते स्टेशनों के बाहर तक लोगों की भीड़ जमा होती चली गर्इं। मेट्रो सेवा से जुड़ी कोई भी जानकारी न मिल पाने से परेशान यात्रियों ने इस बारे में सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू कर दी। इस बीच डीएमआरसी ने भी ट्वीट कर लोगों को इसकी जानकारी दी। जो पहले जान गए वे लोग मेट्रो में नहीं गए लेकिन जो नहीं जानते थे वे काफी देर तक फंसे रहे व उन्हें दफ्तर व दूसरे कार्यस्थल पहुंचने में देरी हुई।