सेक्स सीडी मामले में दिल्ली के पूर्व मंत्री संदीप कुमार के बचाव में लेख लिखने वाले आप नेता आशुतोष के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत ज्योतिनगर थाने में दर्ज कराई गई। इसमें आशुतोष पर मामला दर्ज करने और उनका मानसिक चैकअप कराने को कहा गया है। इसी बीच राष्ट्रीय महिला आयोग ने आशुतोष को इसी मामले में समन किया है। महिला आयोग की अध्यक्ष ललिता कुमारमंगलम ने कहा कि उनका ब्लॉग महिलाओं के प्रति अपमानजनक है। उनके ब्लॉग का लहजा महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है। उन्हें शुक्रवार को पेश होने को कहा गया है।
आशुतोष ने महिला आयोग की अध्यक्ष पर हमला बोलते हुए उन्हें भाजपा की सदस्य बताया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘ललिता कुमार मंगलम भाजपा नेशनल एग्जीक्यूटिव की सदस्य हैं। वह भाजपा की राष्ट्रीय सचिव थीं। यदि मुझे राष्ट्रीय महिला आयोग से नोटिस मिलेगा तो मैं प्रतिक्रिया दूंगा।” आशुतोष ने अपने ब्लॉग के जरिए संदीप कुमार का बचाव किया था। उन्होंने महात्मा गांधी और जवाहर लाल नेहरू के महिलाओं से संबंध के जरिए संदीप कुमार के कृत्य का बचाव किया था। दिल्ली के पूर्व मंत्री संदीप कुमार की एक सीडी सामने आई थी। इसमें वे एक महिला के साथ अंतरंग अवस्था में नजर आए थे। इसके बाद उन्हें मंत्री पद से हटा दिया गया था। बाद में उन्हें आम आदमी पार्टी से भी सस्पेंड कर दिया गया था। हालांकि संदीप कुमार ने इसे साजिश करार दिया था।
संदीप कुमार के बचाव के मुद्दे पर आशुतोष को अपनी ही पार्टी में भी विरोध झेलना पड़ा। मंत्री कपिल मिश्रा ने भी उनकी आलोचना की थी। विवाद बढ़ने के बीच आशुतोष ने सोमवार को ट्वीट कर कहा कि वे महात्मा गांधी की जीवनी फिर से पढ़ रहे हैं। उन्होंने लिखा, गांधीजी ने हमेशा मुझे सच बोलने का साहस दिया है। उनकी जीवनी ‘सत्य के साथ मेरे प्रयोग’ फिर से पढ़ रहा हूं।”
Gandhiji has always given me courage to tell the truth.Reading again his Autobiography-My Experiments with Truth. pic.twitter.com/XZoVv89De1
— ashutosh (@ashutosh83B) September 5, 2016

