दिल्ली में कोविड केयर सेंटर में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस का कहना है कि कुछ दिन पहले ही नाबालिग की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद से वो कोविड सेंटर में भर्ती थी। 15 जुलाई को कोविड फैसिलिटी के अंदर एक अन्य मरीज ने कथित तौर पर उसका यौन उत्पीड़न किया। इतना ही नहीं लड़की का आरोप है कि दुष्कर्म के वक्त एक अन्य व्यक्ति अपने फोन से उसका वीडियो भी रिकॉर्ड कर रहा था।
फिलहाल पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि उसे सेंटर का प्रबंधन देख रही इंडो-तिब्बती बॉर्डर पुलिस (आईटीबीपी) से शिकायत मिली थी। लड़की ने इसमें कहा है कि 15 जुलाई की रात को एक 19 साल के लड़के ने बाथरूम में उसके साथ दुष्कर्म किया। लड़की ने एक और 19 साल के लड़के पर पूरी घटना को फोन पर रिकॉर्ड करने का आरोप लगाया है।
दिल्ली के दक्षिण जिले के एडिशनल डीसीपी परविंदर सिंह ने कहा है कि हमने दोनों आरोपियों के खिलाफ POCSO एक्ट और आईपीसी की धारा 376 के तहत केस दर्ज कर लिया है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। हालांकि, कोरोना से उबरे तक वे संस्थागत देखरेख में ही रहेंगे। इस मामले की जांच जारी है।
पुलिस के सूत्रों ने बताया कि लड़की इसी महीने एक परिवार के व्यक्ति के साथ कोविड केयर सेंटर में एडमिट हुई थी। आरोपी लड़के भी आसपास की तारीखों में ही कोविड सेंटर में भर्ती हुए थे। जिस लड़के पर लड़की के यौन उत्पीड़न का आरोप है वह भी एक परिवार के व्यक्ति के साथ ही कोविड सेंटर में एडमिट हुआ था। बताया गया है कि लड़की ने इस घटना की जानकारी सबसे पहले अपने परिवार के सदस्य को ही दी। इसके बाद इस बारे में आईटीबीपी को जानकारी दी गई, जिन्होंने पुलिस को बुला लिया।
फिलहाल दोनों आरोपियों को एम्स में रखा गया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि कोरोना टेस्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें जेल भेज दिया जाएगा। फैसिलिटी के एक स्टाफ मेंबर ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि लड़की देर रात बाथरूम गई थी। हमें शक है कि आरोपी भी इसी दौरान टॉयलेट गए। पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग टॉयलेट की व्यवस्था है। हम इस मामले को देख रहे हैं। सेंटर पर काफी महिलाएं हैं और हम उन सबको देख रहे हैं। फिलहाल लड़की कोविड फैसिलिटी में ही रखी गई है।