दिल्ली भाजपा कार्यकर्ताओं ने आप नेता कुमार विश्वास पर कार्रवाई करने की मांग करते हुए आज मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निवास के बाहर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन आप की एक कार्यकर्ता द्वारा उनके साथ नाजायज संबंधों के बारे में ‘अफवाहों’ को खत्म करने के लिए सामने नहीं आने के आरोपों की पृष्ठभूमि में किया गया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल पर विश्वास को बचाने का आरोप लगाया और कहा कि जब तक आप नेता के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती, उनका प्रदर्शन चलता रहेगा।
दिल्ली महिला आयोग ने कल विश्वास और उनकी पत्नी को समन किया था और आज उसके सामने पेश होने के लिए कहा था। इससे पहले कार्यकर्ता ने हस्तक्षेप करने की मांग करते हुए आयोग का रुख किया था।
विश्वास ने आज कहा कि वह आयोग के सामने पेश नहीं होंगे क्योंकि उन्हें अब तक कोई नोटिस नहीं मिला है। विश्वास ने कहा, ‘‘जो कुछ हो रहा है वह भाजपा के तिकड़म विभाग का काम है। सोशल मीडिया पर उनके साथ जो दुर्व्यवहार कर रहे हैं पुलिस उनलोगों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं करती।’’
महिला के उस दावे के बारे में पूछे जाने पर कि उनके साथ संबंधों के बारे में अफवाह के कारण उनके पति ने उन्हें छोड़ दिया, विश्वास ने कहा, ‘‘कैसा पति है वह जिसे दूसरे व्यक्ति से अपनी पत्नी के चरित्र का प्रमाणपत्र चाहिए।’’
दिल्ली पुलिस ने कहा है कि उसने एक प्राथमिकी दर्ज कर ली है और महिला की ओर से दर्ज करायी गयी शिकायत पर जांच चल रही है।