दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। इसमें एक महिला दूसरी महिला से मारपीट कर उसका फोन छीनती दिख रही है। वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई तो पुलिस के लिए आरोपी को पकड़ना आसान हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी की फुटेज के आधार पर महिला की तलाश की तो जल्दी ही उसका पता चल गया। फिलहाल उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
गिरफ्तार महिला की पहचान ज्योति के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि वो मंगोलपुरी की रहने वाली है। सोशल मीडिया र वायर वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक महिला सड़क पर जा रही है। वो अपने फोन पर बात करती दिख रही है। तभी ज्योति पीछे से आती है और दूसरी महिला से फोन छीनने की कोशिश करती है। विरोध करने पर वो महिला को मारती भी दिख रही है। फोन छीनने के बाद ज्योति बड़े आराम से चली जाती है जबकि वीडियो में दिख रहा है कि दूसरी महिला उसका पीछा कर रही है।
दिल्ली के सुल्तानपुरी में एक महिला से दूसरी महिला ने की झपटमारी,मारपीट कर जबरन मोबाइल छीना,पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी महिला ज्योति को गिरफ्तार कर लिया है,अपने आप में अनोखा मामला pic.twitter.com/lUtqD75iX9
— Mukesh singh sengar मुकेश सिंह सेंगर (@mukeshmukeshs) June 16, 2021
दिल्ली में झपटमारी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। इसी साल की शुरुआत में आदर्श नगर थाना इलाके में झपटमारी का विरोध करने पर बाइक सवार बदमाशों ने सिमरन नाम की महिला की चाकू घोंप हत्या कर दी थी।
वारदात के समय महिला दो साल की बेटी को गोद में लेकर बाजार जा रही थी। तभी उनकी गली के बाहर ही स्कूटी सवार बदमाश आए व गले में पहने चेन को झपटने की कोशिश की तो सिमरन ने उनका विरोध किया। इस पर एक बदमाश ने उन्हें चाकू घोंप दिया। इसके बाद बदमाश भाग गए।
एक अन्य वारदात में इसी साल साउथ दिल्ली के अंबेडकर नगर में लड़की से दोस्ती को लेकर युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने उस मामले में तीन आरोपियों को पकड़ा था। इस मामले में एक नाबालिग को भी पुलिस ने पकड़ा है। मरने वाले का नाम कुणाल था। 19 साल का किशोर अपने पिता के जन्म दिन के लिए केक लेने जा रहा था, तभी उसकी हत्या कर दी गई थी।