देश की राजधानी दिल्ली में एक और स्वयंभू बाबा पुलिस के शिकंजे में आया है। नब्बे दास नाम का ये बाबा दक्षिणी दिल्ली के भाटी खुर्द गांव का रहने वाला है। इस शख्स पर एक महिला ने अपनी भतीजी के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने इस शख्स को पोक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। महिला ने 30 अगस्त को इस बाबा के खिलाफ दिल्ली पुलिस को पत्र लिखकर शिकायत की थी और 17 अगस्त को अपने भतीजी के यौन शोषण का आरोप लगाया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 42 साल के नब्बे दास का असली नाम नवाब सिंह है। ये शख्स पिछले कई सालों से दक्षिणी दिल्ली में एक आश्रम चला रहा था। डीसीपी दक्षिण विजय कुमार ने बताया कि ये कथित बाबा 10 सालों से अपना आश्रम चला रहा है। नवाब सिंह अपने आश्रम में बतौर पुजारी रहता है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक पीड़ित लड़की के रिश्तेदार ने डाक से पुलिस को बाबा के खिलाफ चिट्ठी भेजी थी। शिकायत भेजने वाली महिला का कहना है कि उसकी भतीजी बीमार थी। जब वह उसे लेकर वहां गई तो बाबा ने तंत्र क्रिया करने के लिए उसे सामान लाने को बाजार भेजा। महिला ने कहा कि बाबा ने उसे बताया था कि वह अपने दैवीय शक्ति का इस्तेमाल कर लड़की को ठीक कर देगा।
Delhi: Police arrested a self-styled Godman Nabbe Das under POCSO Act yesterday after receiving a complaint from a woman on August 30 that her niece was molested & threatened to death by Nabbe Das on August 17. Investigation underway pic.twitter.com/Qc5rgVijcp
— ANI (@ANI) September 3, 2018
महिला जब सामान लाने बाजार जाने लगी तो बाबा ने लड़की को आश्रम में ही छोड़ देने को कहा। वापस लौटने पर महिला को पता चला कि इस बाबा ने लड़की के साथ छेड़छाड़ की है। महिला ने जब इसका विरोध किया तो बाबा ने उसे जान से मारने की धमकी दी। महिला डर कर अपने घर चली गई। वो इस बाबा की धमकी से इतना डर गई थी वो पुलिस के पास जाने की भी हिम्मत नहीं जुटा सकी। इसके बाद महिला ने पत्र लिखकर पूरी घटना की जानकारी दिल्ली पुलिस को दी। दिल्ली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बाबा नब्बे दास को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच अभी चल रही रही है।