दुनिया के सात अजूबों को देखने की चाह रखने वालों को अब इसके लिए विदेश जाने की जरूरत नहीं है। अब आप अपने देश में एक ही जगह पर इन सातों अजूबों को एक साथ देख पाएंगे। आप सोच रहे होंगे कि राजस्थान में तो ऐसा पार्क पहले से मौजूद है। तो हम आपको बता दें कि ऐसा एक और पार्क अब दिल्ली में भी बनने जा रहा है। इस पार्क का निर्माण दक्षिण एमसीडी के अंतर्गत किया जाएगा। माना जा रहा है कि भविष्य में यह दिल्ली का सबसे बड़ा सेल्फी पॉइंट भी बन सकता है।

कोटा में बना है सेवन वंडर पार्क:
राजस्थान के कोटा शहर में काफी पहले से सेवन वंडर पार्क बना हुआ है। इस पार्क की कुछ झलक हाल ही में आई वरुण धवन की फिल्म बद्रिनाथ की दुल्हनिया में भी दिखाई गई थी। इस पार्क को बनाने में करीब पांच करोड़ रुपए का खर्च आया था। इसमें ताजमहल, ऐफिल टावर, गीजा का पिरामिड, स्टेचू ऑफ लिबर्टी, पीसा की मीनार, कोसोलियम ऑफ रोम और रिडीमर द क्राइस्ट बना हुआ है। फिल्म में इस पार्क को दिखाए जाने के बाद से ही दिल्ली में भी ऐसा पार्क होने का विचार आया था।

दिल्ली में कहां बनेगा: nbt के मुताबिक, दक्षिण एमसीडी के अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में यह पार्क सराय काले खां और मिलेनियम पार्क के बीच स्थित होगा। इस लोकेशन के कारण दिल्ली और बाहर से आने-जाने वाले लोगों को भी इस पार्क का नजारा रोमांचित करेगा। माना जा रहा है कि इस पार्क को बनाने में सात करोड़ रुपए खर्च हो सकते हैं। एमसीडी की एक टीम कोटा के पार्क का मुआयना भी करने गई थी। टीम ने जानकारी ली कि अगर ऐसा ही पार्क दिल्ली में निर्मित किया जाएगा तब कितना खर्च आएगा।