दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने बुधवार (18 मई, 2022) को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को अपना इस्तीफा भेज दिया है। सूत्रों के मुताबिक, अनिल बैजल ने निजी कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफ दिया।
बता दें कि अनिल बैजल ने साल 2016 में दिल्ली के उपराज्यपाल का पद संभाला था। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ मतभेदों को लेकर भी उनका नाम काफी चर्चाओं में रहा था। वे 1969 बैच के आईएएस अधिकारी थे और अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में केंद्रीय गृह सचिव के तौर पर भी काम कर चुके हैं।
30 दिसंबर, 2021 को ही बैजल का कार्यकाल पूरा हो गया था, लेकिन उन्हें सेवा में विस्तार दिया गया था। वे पांच साल तक दिल्ली के उपराज्यपाल के पद पर रहे। वे दिल्ली के 21वें उपराज्यपाल थे। गृह सचिव रहने के दौरान ही उन्होंने किरण बेदी पर कार्रवाई की थी और उन्हें हेड ऑफ जेल्स के पद से हटा दिया गया था। उन पर जेल के नियमों का उल्लंघन करने का आरोप था।
उन्होंने कई मंत्रालयों में महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभाली है। वे दिल्ली विकास प्राधिकरण के उपसचिव के तौर पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। साल 2006 में वे शहरी विकास मंत्रालय के सचिव पद से रिटायर हुए थे। इसके बाद जवाहरलाल नेहरू नेशनल अर्बन रिन्यूअल मिशन से जुड़े।
