राजधानी में बलात्कार की शिकार हुई दो नाबालिगों की हालत स्थिर है और शहर के अलग-अलग अस्पतालों में उनकी हालत में सुधार हो रहा है।
कल पश्चिमी दिल्ली के निहाल विहार में दो व्यक्तियों द्वारा बलात्कार का शिकार बनाई गई एक ढाई साल की बच्ची का इलाज़ यहां के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में चल रहा है और पांच साल की आनंद विहार की एक अन्य पीड़िता बच्ची का इलाज़ गुरू तेग बहादुर अस्पताल में चल रहा है।
संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल के चिकित्साधीक्षक अवनींद्र प्रसाद ने कहा कि ढाई साल की बच्ची को देर रात ढाई बजे के करीब अस्पताल लाया गया था। उसके जननांगों से रक्त स्त्राव हो रहा था। अब उसकी हालत स्थिर है और वह होश में है। उसका खून बहना नियंत्रण में है।
गुरु तेग बहादुर अस्पताल के चिकित्साधीक्षक डॉक्टर सुनील कुमार ने कहा कि उसे (पांच साल की बच्ची) हमारे अस्पताल रात 11 बजे डॉक्टर हेडगेवार आरोग्य संस्थान से स्थानांतरित करने के बाद लाया गया था। स्त्रीरोग विशेषज्ञों की एक टीम ने उसकी रात दो बजे एक सर्जरी की।
यौन हमले से उसके जननांगों को बहुत आघात पहुंचा था उसे ठीक किया गया। उसकी हालत स्थिर है और वह होश में है। वह खाना खा रही है।
उसका मनोबल अच्छा है और वह अंदर से मजबूत है। सलाहकारों का एक दल उसके साथ है और हमारे चिकित्सक उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं।
कल दिल्ली में दो अलग-अलग स्थानों पर इन नाबालिगों के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई थी जिसके बाद उन्हें अस्पताल भेजा गया था।