कांग्रेस को सोमवार को उस वक्त शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा, जब उसके कुछ नेता उपवास में बैठने से पहले नाश्ता करने पहुंच गए। दरअसल, जातीय हिंसा, सांप्रदायिकता और संसद नहीं चलने के खिलाफ कांग्रेस ने अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुआई में सोमवार सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि राजघाट पर उपवास करने का एलान किया गया था। अनशन से पहले दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अजय माकन चांदनी चौक की मशहूर छैनाराम की दुकान पर पार्टी के कुछ नेताओं के साथ छोले-भटूरे खाते देखे गए। हालांकि कांग्रेस के नेताओं का कहना है कि वे सुबह आठ बजे से पहले वहां गए थे, जिसमें कुछ गलत नहीं है जबकि भाजपा ने इस अनशन को ढोंग करार दिया है।
अजय माकन के साथ इस दौरान दिल्ली के पूर्व मंत्री हारून यूसुफ, कुछ दिनों पहले भाजपा से कांग्रेस में लौटे अरविंदर सिंह लवली और अन्य नेता भी मौजूद थे। इस छोले-भटूरे की पार्टी की एक तस्वीर को दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता हरीश खुराना ने दोपहर 1:16 बजे ट्वीट किया। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, ‘वाह रे कांग्रेस के नेताओं, लोगों को राजघाट पर उपवास के लिए बुलाया है और खुद एक रेस्तरां में बैठकर छोले-भटूरे के मजे ले रहे हैं। सही बेवकूफ बनाते हो’। भाजपा नेताओं का आरोप है कि यह तस्वीर अनशन से पहले की है। खुराना के इस ट्वीट के बाद कांग्रेस नेताओं की यह तस्वीर सोशल मीडिया में फैल गई। आम से लेकर खास तक ने इसे लेकर कांग्रेस और उसके नेताओं पर कई तरह की टिप्पणी की। लोगों ने इस तस्वीर को लेकर कांग्रेस नेताओं की खूब खिंचाई भी की।
मामले पर सफाई देते हुए अरविंदर सिंह लवली ने पत्रकारों से कहा कि अनशन सुबह 10:30 बजे से शुरू होना था और हम देर रात तक इसकी तैयारी करते रहे थे। हम नाश्ते के लिए सुबह 8:00 बजे गए। इसमें कुछ भी गलत नहीं है और यह अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल नहीं थी। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों की यही गलत आदत है, वे देश चलाना छोड़कर यह देखने में लग जाते हैं कि हम क्या खा रहे हैं। कांग्रेस के अनशन पर भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस को विलासिता की राजनीति करने की आदत है। उन्होंने कहा कि जहां प्रधानमंत्री प्रदर्शन की राजनीति में विश्वास रखते हैं, वहीं कांग्रेस के नेता छोले-भटूरे खाने के बाद अनशन करते हैं। भाजपा विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने कांग्रेस नेताओं की तस्वीर पर कहा, ‘इनकी मानसिकता ही खाने की है, ये भूखे नहीं रह सकते हैं’।
