मंगोलपुरी इलाके में रविवार रात गोलगप्पे नहीं खिलाने पर कुछ युवकों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर एक रेहड़ीवाले की जान ले ली। पुलिस ने मृतक की पहचान राजू के रूप में की है। उसे 18 बार चाकू घोंपा गया। गोलगप्पे वाला मंगोलपुरी का घोषित बदमाश था। पुलिस हत्या का मामला दर्ज करके रंजिश के बिंदुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। इस घटना के बाद इलाके में पुलिस गश्त तेज कर दी गई है। आरोपी भी घोषित बदमाश हैं जिनकी संख्या छह बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि 23 साल का राजू परिवार सहित मंगोलपुरी आइ-ब्लॉक में रहता था। कुछ समय पहले तक वह झपटमारी की वारदातें करता था। इस वजह से वह मंगोलपुरी थाने का घोषित बदमाश था। पिछले कुछ समय से उसने अपराध की दुनिया छोड़कर गोलगप्पे बेचना शुरू कर दिया था। वह घर से कुछ दूर पर ही रेहड़ी लगाता था। इसी इलाके में उसके पिता राधे भी गोलगप्पे की रेहड़ी लगाते थे।
पुलिस ने बताया कि रविवार रात करीब 11:30 बजे पिता-पुत्र घर लौट रहे थे। राधे अपनी रेहड़ी लेकर आगे चल रहा था जबकि राजू पीछे-पीछे आ रहा था। राधे ने घर पहुंचने के बाद देखा तो राजू उनके पीछे नहीं था। वह जब लौटे तो देखा कि कुछ युवक राजू पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर रहे थे। उन्हें देख हमलावर भाग निकले। राजू को गंभीर हालत में तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मरने से पहले राजू ने पिता को बताया कि आरोपी उससे गोलगप्पे मांग रहे थे। उसने गोलगप्पे नहीं होने की बात कही तो वह उसे पीटने लगे। पिटाई के दौरान ही बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। इस मामले में पुलिस ने कई संदिग्ध युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस का मानना है कि हत्याकांड में वे शामिल थे। इसके अलावा वारदात में शामिल अन्य आरोपियों को भी पुलिस तलाश रही है।