प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर उपराज्यपाल निवास के सामने स्याही फेंके जाने के प्रकरण की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने और कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई स्वस्थ लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। माकन ने कहा कि स्याही फेंकने के प्रकरण की जन्मदाता भी आप पार्टी है क्योंकि आप के सत्ता में आने के बाद ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति हो रही है। इन घटनाओं से पार्टी को समझ जाना चाहिए कि जनता दिल्ली सरकार की असलियत पहचान चुकी है और आक्रोशित है। लोगों को अब समझ आ चुका है कि दिल्ली सरकार के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और मंत्री आए दिन केवल काम न करने के बहाने ढूंढते हैं। जिससे दिल्ली का विकास ठप हो गया है। उनके बयानों से असंवेदनशीलता झलकती है। जिससे दिल्लीवासियों में नाराजगी है।
माकन ने केजरीवाल उस बयान को याद दिलाते हुए कहा कि उनके पास पेन तक खरीदने का अधिकार नहीं और स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन का यह बयान कि चिकनगुनिया से मौत नहीं होती। आप की असंवेदनशीलता बताता है। दिल्ली सरकार की लापरवाही का ही नतीजा है चिकनगुनिया और डेंगू ने महामारी जैसा रूप ले लिया। दिल्ली का कोई घर या परिवार ऐसा नही है जहां पर डेंगू व चिकनगुनियां के शिकार लोग ना हों।