राजधानी दिल्ली में विश्व पुस्तक मेला (World Book Fair) 25 फरवरी से शुरू हो रहा है। किताबों से दोस्ती करने वाले और किताबों के शौकीन लोगों के लिए यह मेला किसी उत्सव से कम नहीं होता है। इस बार यह मेला पूरे तीन साल बाद लग रहा है, इसलिए यह बहुत खास होगा। कोविड-19 लॉक डाउन के दौरान और उसके बाद दो साल तक पुस्तक मेला नहीं लग सका था। अंतिम बार विश्व पुस्तक मेला 2020 में लगा था। इस बार का मेला इसलिए भी खास है क्योंकि यह आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत आयोजित किया जा रहा है।
आजादी का अमृत महोत्सव के थीम पर होगा आयोजन
मेला दिल्ली के प्रगति मैदान (Pragati Maidan) में 25 फरवरी से 5 मार्च तक लगेगा। इसका उद्घाटन 25 फरवरी को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, भारत में फ्रांस के राजदूत इमैनुएल लेनिन और नेशनल बुक ट्रस्ट (NBT) के चेयरमैन गोविंद प्रसाद शर्मा करेंगे। आजादी का अमृत महोत्सव की थीम पर आधारित इस पुस्तक मेले में फ्रांस अतिथि देश (Guest Country) के रूप में सहभागी बनेगा। इस मौके पर नोबेल पुरस्कार विजेता एनी एर्नॉक्स सहित 16 फ्रांसीसी लेखक और 60 से अधिक प्रकाशक, साहित्यिक एजेंट और सांस्कृतिक प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
स्कूली बच्चों, दिव्यांगों और Senior Citizens को मुफ्त मिलेगा प्रवेश
पुस्तक मेले में जाने के लिए सभी को प्रवेश शुल्क देने होंगे। बच्चों के लिए 10 रुपये और बड़ों के लिए 20 रुपये लगेंगे। हालांकि स्कूली बच्चों, दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों (Senior Citizens) को मुफ्त प्रवेश मिलेगा। इसमें 30 देशों के करीब एक हजार प्रकाशक (Publishers) यहां जुटेंगे और अपनी पुस्तकों को लोगों के लिए उपलब्ध कराएंगे।
फ्रांस के दूतावास में सांस्कृतिक परामर्शदाता इमैनुएल लेब्रन-डेमियंस ने मीडिया से कहा, “आज हम देख रहे हैं कि फ्रांसीसी लोग भारतीय साहित्य में अधिक से अधिक रुचि रखते हैं। फ्रांस और भारत साहित्य के दो बड़े देश हैं। हमारे पास फ्रांस से दर्जनों लोग आ रहे हैं, जिसमें 16 नोबेल पुरस्कार विजेता शामिल हैं। लेखकों के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एनी एर्नॉक्स कर रही हैं, जो नोबेल पुरस्कार प्राप्त करने वालों में सबसे नई (2022 में नोबेल पुरस्कार प्राप्त की) हैं। फ्रांस वह देश है जिसने साहित्य में दुनिया में सबसे ज्यादा नोबेल पुरस्कार प्राप्त किया है।”
जी20 देशों के प्रतिभागियों के लिए अलग से होगा पवेलियन
उन्होंने कहा कि अन्य लेखकों में नारीवादी लेखिका केमिली लॉरेन्स, बच्चों की लेखिका सूसी मोर्गेंस्टन और ग्राफिक उपन्यासकार साइमन लैमौरेट भी शामिल होंगे। नई दिल्ली वर्ल्ड बुक फेयर (NDWBF) एक अलग पवेलियन में जी20 देशों के प्रतिभागियों की मेजबानी करेगा। नौ दिवसीय साहित्यिक आयोजन में 50 से अधिक सांस्कृतिक कार्यक्रम जैसे ओपन माइक, सेना और पुलिस बैंड का प्रदर्शन, टॉक शो और लोक प्रदर्शन शामिल होंगे।