Rajpath Rename: दिल्ली के राजपथ का नाम अब कर्तव्य पथ होगा। बता दें कि NDMC ने अपनी बैठक में नाम बदलने को लेकर मंजरी दे दी है। वहीं भाजपा नेता व केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने नाम बदलने के फैसले को ऐतिहासिक फैसला बताया। मालूम हो राजपथ का नाम तीसरी बार बदला गया है।

इस पथ का नाम ब्रिटिश शासन में किंग्सवे था। इसके बाद इसे इसी का हिंदी अनुवाद ‘राजपथ’ नाम दिया गया। वहीं अब इस पथ को कर्तव्य पथ नाम दिया गया है। नाम बदलने को लेकर नई दिल्ली म्यूनिसिपल काउंसिल (NDMC) ने 7 सितंबर 2022 को एक स्पेशल मीटिंग की और इस बारे में प्रस्ताव पास किया। नाम बदलने के बाद नेताजी स्टेच्यू से राष्ट्रपति भवन तक का पूरा मार्ग अब ‘कर्तव्यपथ’ के नाम से जाना जाएगा।

इससे पहले 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने ब्रिटिश काल की याद दिलाने वाले नामों और प्रतीकों को हटाने पर जोर दिया था।

भारतीय नौसेना का निशान बदला: हाल ही में भारतीय नौसेना का निशान भी बदल गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 सितंबर को इंडियन नेवी के नए निशान का अनावरण किया। नए निशान से गुलामी का प्रतीक भी हटा दिया गया है। पहले नेवी के निशान पर लाल क्रॉस बना होता था, जिसे हटा दिया गया है। इसमें ऊपर बाईं ओर तिरंगा बना हुआ है। वहीं नीले रंग के बैकग्राउंड पर गोल्डन कलर में अशोक चिह्न बना है, जिसके नीचे ‘सत्यमेव जयते’ लिखा हुआ है। नए फ्लैग में नीचे संस्कृत भाषा में ‘शं नो वरुणः’ लिखा है, जिसका अर्थ है ‘हमारे लिए वरुण शुभ हों’।

आठ सितंबर को होगा उद्घाटन: सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आठ सितंबर को सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना के तहत विजय चौक से इंडिया गेट तक पूरे खंड का उद्घाटन करेंगे। राजपथ के साथ बने सेंट्रल विस्टा एवेन्यू में राज्यवार फूड स्टॉल, चारों ओर हरियाली, ग्रेनाइट पैदल मार्ग, वेंडिंग जोन, पार्किंग स्थल और चौबीसों घंटे सुरक्षा की व्यवस्था होगी। हालांकि, इंडिया गेट से मान सिंह रोड तक गार्डेन एरिया में कुछ भी खाने-पीने की इजाजत नहीं होगी।

सेंट्रल विस्टा परियोजना की सितंबर 2019 में घोषणा की गई थी। 10 दिसंबर 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परियोजना की आधारशिला रखी थी। इसके अंतर्गत एक नया त्रिकोणीय संसद भवन, एक सामान्य केंद्रीय सचिवालय, तीन किलोमीटर के राजपथ का कायाकल्प, नया प्रधानमंत्री आवास, नया प्रधानमंत्री कार्यालय और एक नए उपराष्ट्रपति एन्क्लेव का निर्माण किया जा रहा।