पुलिस अपराधी को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची थी। बाथरूम में नहाते वक्त उसे इसकी भनक लगी। मौका पाकर वह खिड़की से बचकर भागने की कोशिश कर रहा था। आपाधापी के बीच उसका तौलिया खुल गया था। बाद में जब पुलिस ने उसे दबोचा तो उसे इलाके में न्यूड परेड करा दी।
पुलिस वाले इस दौरान पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में उस शख्स को नग्न अवस्था में ले जाते कैद हो गए। घटना से जुड़ा वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह मामला देश की राजधानी दिल्ली का है। 17 मई को इंद्रापुरी इलाके की जेजे कॉलोनी में पुलिस वीरेंद्र नाम के अपराधी को दबोचने पहुंची थी।
कहते है भागते चोर की लंगोटी सही, लेकिन यहां थोड़ा उल्टा हो गया। चोर हाथ में आ गया लेकिन लंगोटी वहीं रह गयी। #DelhiPolice pic.twitter.com/SJ9hDXGIz1
— Jitender Sharma (@capt_ivane) May 22, 2018
दबिश के समय वह अपने घर के बाथरूम में नहा रहा था। पुलिस के बारे में खबर लगते ही वह खिड़की से निकलकर फरार होने की कोशिश कर रहा था। मगर उसकी कोशिश नाकाम रही। उल्टा बीच में उसका तौलिया जरूर खुल गया था।
गिरफ्त में आने पर पुलिस ने उसे घर के 500 मीटर दूर तक नग्न अवस्था में परेड कराई थी। वीरेंद्र के परिजन उस दौरान पुलिस से कह रहे थे कि उसे कपड़े पहना लेने दीजिए। मगर पुलिस ने अपने आगे एक न सुनी।
पुलिस वाले उसे थाने तक बिना कपड़ों के ही ले गए थे। यह पूरी घटना नजदीक में लगे सीसीटीवी कैमरों में दर्ज हो गई थी, जिसकी फुटेज अब सामने आई है। पुलिस जब उसे न्यूड परेड करा रही थी, तब इलाके में सड़क व मकानों की छतों-छज्जों पर कई महिलाएं, बुजुर्ग व बच्चे मौजूद थे।
वीरेंद्र के परिजन ने पुलिस के रवैये को अमानवीय बताया है। साथ ही आरोपी के वकील ने इस मामले को कोर्ट में उठाया है। शिकायत उच्चाधिकारियों के साथ उप-राज्यपाल अनिल बैजल से की है।