इंडियन आर्थोपेडिक एसोसिएशन (आइओए) ने 5000 गरीब मरीजों की हड्डी का आॅपरेशन मुफ्त में करके विश्व रिकार्ड बनाने का लक्ष्य रखा है। संगठन ने अपने स्थापना दिवस के मौके पर तीन दिन तक पूरे देश में एक अभियान के तहत यह सर्जरी करने की योजना बनाई है। यह जानकारी एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉक्टर सुधीर कपूर ने पत्रकारों को दी। उन्होंने कहा कि इसके लिए डॉक्टर व मरीजों को एक आवेदनपत्र पर दस्तखत करने होंगे। इसका स्थानीय नेता या अधिकारी से सत्यापन भी किया जाएगा कि अमुक मरीज का आॅपरेशन किया गया। मरीज क ा कूल्हा बदलना, शरीर में कृत्रिम अंग या कोई इंप्लांट लगाना हुआ तो वह भी एसोसिएशन मुफ्त में मुहैया कराएगी।

यह सर्जरी किसी शिविर में नहीं बल्कि अस्पतालों में होगी। जो सदस्य जिस अस्पताल मे हैं उसकी कोशिश उसी अस्पताल में मुफ्त में यह सर्जरी करने की होगी। कुछ धार्मिक संस्थाओं से भी इस बारे में सहयोग की बात की जा रही है। मरीजों का चयन डाक्टर खुद करेंगे। उनके पास ऐसे मरीजों की लंबी सूची होती है जो पैसों के अभाव में इलाज टालते रहते हैं। डॉक्टर कपूर ने बताया कि संस्था के आजीवन सदस्य करीब 12,000 हैं। ये सदस्य देश के 22 राज्यों के जिलों व शहरों मे फैले हुए हैं। सन 1955 में स्थापित संस्था ने 60 साल की अपनी यात्रा पूरी कर ली है। आइओए शोध व सर्जरी को युक्तिसगंत बनाने और इसके चिकित्सकों को एक-दूसरे से जोड़कर रखने की संस्था है। इसकी स्थापना चार अगस्त को हुई थी। संगठन ने हर साल इसी दिन को हड्डी व जोड़ दिवस के तौर पर मनाने की सरकार से मंजूरी ली है।

संगठन के दिल्ली इकाई के पदाधिकारी डॉक्टर ललित ने कहा कि इस साल तीन से पांच अगस्त के बीच मुफ्त सर्जरी करने का फैसला किया गया है, जिससे उन हजारों रोगियों को लाभ होगा, जो वंचित हैं व सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग से हैं। पहली बार कम समय में अधिक से अधिक सर्जरी का लक्ष्य रखा है।