लोकसभा सांसद और एनसीपी नेता उदयनराजे भोसले ने एक विवादित बयान दिया है। भोसले ने कहा कि लड़के यदि लड़कियों को नहीं घूरेंगे तो किसको घूरेंगे। उन्होंने कहा कि इसमें कुछ भी असमान्य नहीं है।

छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज और सतारा के सांसद से जब एक छात्रा ने पूछा कि जब वह घर से बाहर निकलती है तो कुछ लोग लगातार उसे घूरते रहते हैं। ऐसे में वह क्या करे? इस के जवाब में सांसद ने कहा, ‘यदि लड़के लड़कियों को नहीं घूरेंगे तो किसे घूरेंगे। यह तो उनके लिए बिल्कुल सामान्य बात है।’
महाराष्ट्र के इस राजनेता के इस जवाब पर मौजूद भीड़ ने जोरदार ढंग से चीयर किया। हालांकि जल्द ही गलती का आभास होते ही सांसद ने डैमेज कंट्रोल की कोशिश की। उन्होंने कहा कि लड़का यदि ऐसा काम करता है तो उसे दंड मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसका मतलब यह नहीं है कि लड़का कुछ भी करेगा।

यदि कोई लड़का घूरने जैसा कुछ करता है तो उसे दंड मिलना चाहिए। यह घटना एक स्कूल कार्यक्रम के दौरान हुई जहां सांसद छात्रों को सवालों का जवाब दे रहे थे। मालूम हो एनसीपी सांसद पहले भी विवादों में रह चुके हैं। भाजपा में रहने के दौरान उन्होंने एनसीपी प्रमुख के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया था।

इतना ही नहीं सांसद अपने सरकारी सुरक्षाकर्मी की रिवाल्वर लेकर फोटोशूट कराने के मामले में भी फंस चुके हैं। सांसद एक बिजनेस मैन को धमकाने और उससे पैसे छिनने के मामले में भी गिरफ्तार हो चुके हैं। भोसले को एनसीपी ने इस बार भी सतारा से अपना उम्मीदवार बनाया है। भोंसले 2009 में कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव में जीत हासिल कर संसद पहुंचे थे।

कांग्रेस और एनसीपी में रहने के साथ ही वह भाजपा सरकार में राजस्व मंत्री भी रह चुके हैं। उदयन अपने क्षेत्र की जनता में काफी लोकप्रिय हैं। साल 2014 में मोदी लहर के बावजूद भी उन्हें 5 लाख से अधिक मत मिल थे।