Haryana Cabinet Expansion News: जेजेपी के साथ गठबंधन तोड़ने और निर्दलीय विधायकों की मदद से राज्य में सरकार बनाने के कुछ दिनों बाद हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने आज नए चेहरों को शामिल करके अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। सीएम नायब सिंह सैनी ने अपने मंत्रिमंडल में आठ मंत्रियों को शामिल किया है। इनमें एक महिला विधायक को भी जगह दी गई है। जिन मंत्रियों ने शपथ ली उनमें कमल गुप्ता, सीमा त्रिखा, महिपाल ढांडा, असीम गोयल, अभय यादव, सुभाष सुधा, विशंभर वाल्मीकि और संजय सिंह शामिल हैं। चंडीगढ़ में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने नए मंत्रियों को पद की शपथ दिलाई।
हरियाणा के कैबिनेट विस्तार में सबसे खास बात यह रही कि कमल गुप्ता ने संस्कृत भाषा में शपथ ली। कमल गुप्ता हिसार सीट से लगातार दो बार विधायक बने है। वह खट्टर सरकार में भी मंत्री थे। कमल वैश्य समुदाय से ताल्लुक रखते हैं और पेशे से एक डॉक्टर हैं। वहीं, इनके बाद सीमा त्रिखा ने मंत्री पद की शपथ ली। सीमा बड़खल विधानसभा से लगातार दूसरी बार विधायक हैं और खुद ब्राह्मण परिवार से आती हैं। हालांकि, पंजाबी परिवार में उनकी शादी हुई है।
सीमा के बाद पानीपत से बीजेपी पार्टी के एमएलए महिपाल ढांडा ने शपथ ग्रहण की। उन्हें भी राज्य मंत्री बनाया गया है। इसके बाद अंबाला सिटी से विधायक असीम गोयल ने राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार के तौर पर शपथ ली। इसके बाद नांगल चौधरी विधानसभा से बीजेपी के विधायक अभय सिंह यादव ने राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार के तौर पर शपथ ग्रहण की। इनके बाद सुभाष सुधा ने हरियाणा सरकार के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार के तौर पर शपथ ग्रहण की। वे थानेसर से बीजेपी के विधायक हैं।
मंत्रियों की संख्या हुई 13
जब हरियाणा में नई सरकार का गठन हुआ था तो उस समय नायब सिंह सैनी ने पांच मंत्रियों के साथ शपथ ली। अब 8 और विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली है। इसके बाद मंत्रियों की संख्या 13 पहुंच गई है।
अनिल विज को नहीं मिली जगह
नायब सैनी मंत्रिमंडल के विस्तार में पूर्व गृह मंत्री अनिल विज को दरकिनार कर दिया गया है। मनोहर लाल सरकार के दोनों कार्यकाल में अनिल विज कैबिनेट मंत्री रहे थे। पहले उनके नाराज होने की बात सामने आई थी। विज ने यह भी कहा था कि उनसे किसी ने बात नहीं की है। विज अंबाला कैंट से विधायक हैं। उनकी गिनती पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में की जाती है।