केरल के कोच्ची में रविवार सुबह एक भयानक हादसे में दो नेवी अफसरों की जान चली गई। घटना कोच्ची के नेवल एयर स्टेशन के पास हुई। नौसेना के प्रवक्ता ने बताया कि दो अफसरों ने स्टेशन से ग्लाइडर- INS गरुड़ से सुबह करीब 7 बजे उड़ान भरी थी। वे दोनों ट्रेनिंग एक्सरसाइज के लिए छोटी फ्लाइट पर निकले थे। हालांकि, लगभग 7.15 बजे ग्लाइडर नेवल स्टेशन से कुछ ही दूर थोप्पुमपडी BOT ब्रिज पर क्रैश हो गया।

बताया गया है कि हादसा ग्लाइडर में तकनीकी खराबी आने की वजह से हुआ। उनकी पहचान लेफ्टिनेंट राजीव झा (39) और सुनील कुमार (29) के तौर पर हुई है। जब दुर्घटना हुई, तब कई लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। उन्होंने ही हार्बर पुलिस को हादसे की जानकारी दी। इसके बाद नेवी की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों अफसरों को नौसेना के अस्पताल INS संजीवनी तक पहुंचाया।

नौसेना के मुताबिक, दोनों अफसर बुरी तरह घायल थे और नेवी एंबुलेंस ने उन्हें अस्पताल में शिफ्ट किया। हालांकि, दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रास्ते में ही उनकी जान चली गई। फिलहाल ग्लाइडर के मलबे को कोच्ची नेवल बेस पर पहुंचाया गया है। इस घटना की जांच के लिए सदर्न नेवल कमांड ने बोर्ड ऑफ इंक्वायरी का गठन भी किया गया है।

गौरतलब है कि शुक्रवार शाम को भी कर्नाटक के बेंगलुरु से 500 किलोमीटर दूर स्थित करवर में एक नौसैनिक की पैराग्लाइडिंग के दौरान मौत हो गई थी। इस घटना का वीडियो भी सामने आया था। इसमें जान गंवाने वाले नौसैनिक मधूसूदन रेड्डी आंध्र प्रदेश के रहने वाले थे। बताया जाता है कि उनका पैराग्लाइडर नीचे उतरने के वक्त खराब हो गया और वे सीधे समुद्र में गिर गए।