एक स्कूली छात्रा के साथ नगर के वथोड़ा क्षेत्र में चार नाबालिगों समेत पांच लोगों ने कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पीड़िता को रविवार को आरोपी एकांत जगह पर ले गए और उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया। उन्होंने उसे इस बारे में किसी को नहीं बताने के लिए धमकाया भी। सूत्रों ने बताया कि लड़की किसी तरह अपने घर पहुंचने में सफल रही और उसने अपने माता-पिता को घटना की जानकारी दी।
पीड़िता ने नंदनवन थाने में शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद 19 साल के राहुल नामदेव वाधावे और चार अन्य नाबालिग आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। नाबालिग आरोपियों को पुलिस ने तुरंत गिरफ्तार कर बाल सुधारगृह भेज दिया। वयस्क आरोपी पर भादंसं और पास्को कानून की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।