Nagaland Election Exit Poll Result 2018: पूर्वोत्तर के राज्यों में हुए मतदान के बाद अब एग्जिट पोल के आंकड़े आने शुरू हो गए हैं। इन आंकड़ों की मानें तो नागालैंड में भाजपा गठबंधन को बड़ा फायदा होने वाला है। जन की बात – न्यूज एक्स के एक्जिट पोल के नतीजों के अनुसार नगालैंड में भाजपा-एनडीपीपी को 27-32 सीटों मिलने का अनुमान जताया गया है। यहां सरकार बनाने के लिए 31 सीटों की जरूरत होगी। अगर एग्जिट पोल के नतीजों की मानें तो भाजपा अपने सहयोगी दल के साथ यहां आराम सरकार बनाने की स्थिति में आ जाएगी। आकंड़ों के मुताबिक सत्ता में काबिज एनपीएफ को बड़ा झटका लग सकता है।
विधानसभा चुनाव में एनपीएफ को 20 से 25 सीटें मिलने की संभावना बताई गई है। वर्तमान में सत्ता में काबिज एनपीएफ के सूबे में 45 विधायक है। वहीं कांग्रेस को महज 0-2 सीटें मिलने की बात कही गई है। सीवोटर के अनुसार नगालैंड में इस बार कांग्रेस महज 0 से चार सीटों के बीच सिमटकर सत्ता से बेदखल हो सकती है।
बता दें कि मंगलवार (27 फरवरी, 2018) को नागालैंड विधानसभा के लिए हुआ मतदान 75 फीसदी दर्ज किया गया था। इस दौरान सत्तारूढ़ एनपीएफ और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प में एक शख्स की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए। नई दिल्ली में उपचुनाव आयुक्त चंद्र भूषण कुमार ने कहा कि कुछ हिंसा की घटना के अलावा मतदान शांतिपूर्ण रहा। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने यहां कहा कि कुल 11.70 लाख मतदाताओं में से 75 फीसदी से अधिक लोगों ने अपने मतों का प्रयोग किया।
एक अधिकारी ने कहा कि जुनहेबोटो जिले में नागा पीपुल्स फ्रंट और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबरें आई जिसमें एक शख्स की गोली लगने से मौत हो गई। नागौलंड पुलिस प्रमुख रुपीन शर्मा ने बताया, ‘शुरू में कुछ लोग मतदाताओं को मतदान केंद्रों में प्रवेश करने से रोक रहे थे। तभी एक अन्य समूह वहां आया और अकुलुतो विधानसभा क्षेत्र में झड़प हो गई।’ शर्मा ने आगे कहा, ‘दोनों समूह गोलीबारी करने लगे, जिसके कारण पुलिस को गोलियां चलानी पड़ी।’ मुख्य चुनाव अधिकारी अभिजीत सिन्हा ने कहा कि अकुलुतो विधानसभा क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान दोबारा से शुरू किया गया।
मंगलवार सुबह सात बजे मतदान शुरू होने से पहले मतदान केंद्र पर सुबह 5:45 पर एक बम विस्फोट में एक शख्स घायल हो गया। इसके साथ ही राज्य के पूर्वी हिस्से के तिजित क्षेत्र में भीड़ ने वीवीपैट मशीन को तबाह कर दिया। हालांकि सिन्हा ने कहा कि प्रभावित मतदान केंद्रों पर मतदान शांति से हुआ।