Mysterious Underground Sounds: महाराष्ट्र के एक गांव में जमीन के अंदर से रहस्यमयी आवाजें आ रही हैं। इस घटना ने गांव के लोगों को हैरत में डाल दिया है। वैज्ञानिक भी इस रहस्य को सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें इसमें सफलता नहीं मिली है।

महाराष्ट्र के लातूर जिले में हसोरी गांव में यह रहस्यमयी घटनाएं हो रही हैं। गांव में जांच के लिए पहुंचे एक अधिकारी ने भी इस बात को कंफर्म किया है। यह गांव नीलांगा तहसील के गांव किलारी से 28 किलोमीटर दूर है।

जिला कलेक्टर ने लोगों से की अपील: इन रहस्यमयी आवाजों का रहस्य सुलझाने में असफल होने पर जिला अधिकारियों ने भारतीय भू-चुंबकत्व संस्थान (Indian Institute of Geomagnetism) के विशेषज्ञों से घटनास्थल का अध्ययन करने के लिए गांव का दौरा करने की अपील की है। अधिकारियों ने बताया कि इलाके में भूकंप जैसी कोई गतिविधि दर्ज नहीं की गई है।

अधिकारियों के मुताबिक हसोरी गांव में ये आवाजें 6 सितंबर 2022 से सुनी जा रही हैं। ग्रामीणों की शिकायत के बाद लातूर के जिला कलेक्टर पृथ्वीराज बी पी ने मंगलवार को गांव का दौरा किया था। उन्होंने लोगों से जरा भी न घबराने की अपील की।

पूरे गांव में सुनाई दे रही आवाजें: लोगों का कहना है कि इन दिनों लातूर जिले का हसोरी गांव मशहूर नेटफ्लिक्स सीरीज ‘स्ट्रेंजर थिंग्स’ के किसी प्लाट जैसा आभास दे रहा है। इसकी वजह यहां आती भूमिगत रहस्यमयी आवाजें हैं। ये आवाजें पूरे गांव में कहीं भी सुनी जा सकती हैं। यहां पिछले एक हफ्ते से ज्यादा समय से ऐसा हो रहा है। स्थानीय लोग इन आवाजों को सुनकर हैरान हो रहे हैं। जिले के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि उन्हें भी हसोरी गांव में आ रही रहस्यमयी भूमिगत आवाजों की सूचना मिली है।

जिले के अधिकारियों का कहना है कि इन आवाजों के बारे में वैज्ञानिक जानकारी और स्पष्टता के लिए उन्होंने भारतीय भू-चुंबकत्व संस्थान के विशेषज्ञों से संपर्क किया है। अधिकारियों ने विशेषज्ञों से इस अजीब घटना का अध्ययन करने के लिए गांव का दौरा करने का अनुरोध किया है। अधिकारियों के मुताबिक बुधवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ के स्वामी रामानंद तीर्थ मराठवाड़ा विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों का एक दल भी गांव का दौरा करेगा।