मुंबई में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बुजुर्ग महिला कूड़े के ढेर पर पड़ी मिली। कैंसर से पीड़ित इस महिला को उसके पोते ने कथित तौर पर कूड़े में फेंक दिया था। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और 60 साल की इस महिला के परिवार की तलाश शुरू कर दी है। यह घटना शनिवार को तब सामने आई, जब मुंबई पुलिस ने शहर की आरे कॉलोनी में सड़क पर कूड़े के ढेर के पास 60 वर्षीय यशोदा गायकवाड़ को बेहद कमजोर हालत में पाया।
महिला कूपर अस्पताल में भर्ती
जांच करने पर महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पोता उसे वहीं छोड़ गया था। हालांकि महिला सुबह ही मिल गई थी, लेकिन पुलिस शाम 5:30 बजे ही उसे अस्पताल में भर्ती करवा पाई। उसकी हालत को देखते हुए कई अन्य अस्पतालों ने उसे भर्ती करने से मना कर दिया था, जिसके बाद उसे कूपर अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला स्किन कैंसर से पीड़ित है।
महिला के परिवार की तलाश जारी
बुजुर्ग महिला ने अपने परिवार के सदस्यों के दो पते बताए हैं। पहला पता मलाड और दूसरा कांदिवली बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिवार के बारे में विस्तृत जानकारी का इंतजार है। रिश्तेदारों का पता लगाने के लिए उसकी तस्वीर सभी पुलिस थानों में शेयर की गई है। लेकिन पोते ने ऐसा अमानवीय काम क्यों किया, यह स्पष्ट नहीं है।
महिला IAS अधिकारी पर FIR दर्ज
इससे पहले पंजाब के जालंधर में आईएएस अधिकारी बबीता कलेर पर हत्या के प्रयास को लेकर FIR दर्ज की गई है। वहीं आईएएस अधिकारी के पति स्टीफन कलेर और निजी सुरक्षा अधिकारी सुखकरण सिंह पर भी मामला दर्ज किया गया है। यह मामला जालंधर के पीआईएमएस अस्पताल के पास पॉश इलाके की एक जमीन पर मिट्टी डालने को लेकर विवाद शुरू हुआ और इसी दौरान बबीता कलेर के निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) ने प्लॉट मालिक को गोली मार दी।
आईएएस अधिकारी के पति आम आदमी पार्टी के नेता है। वहीं पंजाब सरकार द्वारा उनको सुरक्षा मिली हुई है और इसके तहत सुखकरण सिंह तैनात हैं। इस मामले में पुलिस ने सुरक्षा अधिकारी सुखकरण सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में इस्तेमाल हथियार को अपने कब्जे में ले लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने सुखकरण सिंह को निलंबित करने के लिए विभाग को सिफारिश भी भेज दी है।