बॉलीवुड अभिनेता विवेक ओबेरॉय को यातायात नियमों का उल्लंघन करना भारी पड़ गया। मुंबई यातायात पुलिस ने उन पर हेलमेट पहने बिना बाइक चलाने के लिए चालान किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर एक वीडियो आने के बाद की। इस वीडियो में विवेक अपनी हार्ले डेविडसन बाइक को मुंबई की सड़कों पर दौड़ाते नजर आ रहे हैं। उनके साथ उनकी पत्नी प्रियंका ओबेरॉय भी बाइक में बैठी दिख रही हैं।
बता दें कि यह वीडियो खुद विवेक ओबेरॉय ने 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे के मौके पर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया था। इस पोस्ट में उन्होंने कहा था- “मैं, मेरी पत्नी और वो! के साथ इस प्यारे वैलेंटाइन डे की क्या शुरुआत हुई है। एक ताजगी देने वाली मजेदार राइड।” एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि इसी वीडियो पर मुंबई पुलिस ने विवेक ओबेरॉय पर 500 रुपए का चालान किया है।
https://t.co/lUzdbP55co
What a start of this lovely valentine’s day with Main, Meri patni aur woh! A refreshing joyride indeed!
.
.
.@harleydavidson#WohAaGayi #HarleyDavidson #valentinespecial #loveforbikes #bikesofinstagram #loveandwheels#vroomValentine pic.twitter.com/THXrBllOVi— Vivek Anand Oberoi (@vivekoberoi) February 14, 2021
मास्क न पहनने के लिए भी हुआ जुर्माना: सामाजिक कार्यकर्ता बीनू वर्गीस ने विवेक ओबेरॉय के बिना हेलमेट पहने बाइक चलाने वाले वीडियो को ट्वीट करते हुए महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख, मुंबई पुलिस और मुंबई महानगर पालिका को टैग किया था। अभिनेता का चालान जारी करने वाले सांताक्रूज यातायात संभाग के अधिकारी ने कहा कि ओबेरॉय ने मास्क भी नहीं पहना हुआ था, जोकि कोविड-19 महामारी के दौरान अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि अभिनेता ने रविवार को यह वीडियो साझा किया था, जिसके बाद उनका चालान किया गया।
मुंबई पुलिस ने अभिनेता विवेक ओबेरॉय पर आईपीसी की धारा 188 और 269 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा उन पर मोटर व्हीकल ऐक्ट की धारा 129, 177 और महाराष्ट्र कोविड-19 प्रीकॉशनरी मेसर्स की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। बता दें कि आईपीसी की इन धाराओं के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों को छह महीने की जेल, जुर्माना या दोनों की सजा हो सकती है।