Mumbai: महाराष्ट्र सरकार के सचिवालय की छठी मंजिल से गुरुवार (17 नवंबर, 2022) को एक शख्स ने कूदकर जान देने की कोशिश की। वो इमारत में लगे सेफ्टी नेट पर गिरा आकर। फिलहाल शख्स को बचा लिया गया है। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। शख्स की पहचान अहमदनगर के बापू मोकाशी के रूप में हुई है।

वीडियो में यह सुना जा सकता है कि लोग यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि वह क्यों कूदा। शख्स ने दावा किया कि उसकी गर्लफ्रेंड के साथ बलात्कार हुआ है। उद्धव के सीएम रहने के दौरान उसने न्याय के लिए चार बार पत्र लिखा गया, लेकिन आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।

पुलिस ने बताया शख्स की जान बच गई है, लेकिन उसको कुछ चोटे आई हैं। उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी युवक के परिजनों को दे दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि शख्स सेफ्टी नेट पर खड़ा है।

वहीं बालकनी में खड़े लोग उसे ऊपर खींचने के लिए हाथ दे रहे हैं, लेकिन वह मना कर रहा है। हालांकि बाद में वहां मौजूद लोगों ने ही उसे नेट से नीचे उतारा। पहले भी कुछ लोगों ने बिल्डिंग से कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था। इसके चलते मंत्रालय की बिल्डिंग के बाहर सेफ्टी नेट बांध दिया।

Aurangabad: छेड़छाड़ से बचने के लिए लड़की ने ऑटो से लगाई छलांग

वहीं महाराष्ट्र के औरंगाबाद से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है। जो इस समय सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक लड़की को तेज रफ्तार ऑटो से कूदते हुए देखा जा सकता है। ऐसा कहा जा रहा है कि ऑटो ड्राइवर लड़की के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश कर रहा था। लड़की खुद को बचाने के लिए व्यस्त सड़क पर तेज रफ्तार ऑटो से कूद गई। आरोपी ड्राइवर का नाम सईद अकबर हमीद बताया जा रहा है। छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। ऐसी जानकारी सामने आई है कि ऑटो चालक ने लड़की से छेड़छाड़ करने की कोशिश की, तभी वह ऑटो से कूदी।

इस मामले पर पुलिस इंस्पेक्टर गनपत दररादे के हवाले से एक मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है, “एक नाबालिग छात्रा उस्मानपुर इलाके से ऑटो रिक्शा से अपने घर जा रही थी। तभी ड्राइवर उससे अश्लील बातें करने लगा और लड़की से छेड़छाड़ की, जिसके बाद लड़की समझ गई कि उसके साथ कुछ गलत हो रहा है तो उसी समय उसने औरंगाबाद के सिल्ली खाना कॉम्प्लेक्स में चलते ऑटो से छलांग लगा दी, जिसमें लड़की के सिर में चोट लग गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गई है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।