सिरफिरे आशिकों की कहानियां अक्सर सामने आती रहती हैं। इनकी अजीबोगरीब हरकतें दुनियाभर में सुर्खियां बटोरती हैं। लेकिन कभी-कभी ये हरकतें उन पर जमकर भारी पड़ती है। ऐसा ही एक मामला महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से सामने आया। यहां एक जब शख्स अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने के लिए अनोखे अंदाज में उसके घर पहुंचा तो लोगों ने उसे चोर समझकर जमकर धुनाई कर दी। दरअसल यह शख्स स्पाइडरमैन की तरह मिलने पहुंचा था, लेकिन सुबह-सुबह हुई पिटाई से प्यार का सारा भूत उतर गया।

पाइप से चढ़ रहा था चार मंजिला इमारत परः प्राप्त जानकारी के मुताबिक घटना डोंगरी इलाके की है। यहां सोमवार (22 जुलाई) को उक्त युवक एक चार मंजिला इमारत पर पाइप के जरिये चढ़ रहा था। इसी दौरान उसकी प्रेमिका के कुछ पड़ोसियों की नजर उस पर पड़ गई। ऐसी हरकत करते देख लोगों ने उसे आशिक के बजाय चोर समझ लिया। लोगों ने पहले उसे पकड़कर जमकर पीटा, फिर पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने नहीं दर्ज किया केसः मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह गर्लफ्रेंड से मिलने के लिए उसके फ्लैट पर जा रहा था। उसके लिए ऐसी हरकत पहला मामला नहीं था। हालांकि पुलिस ने उसके खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं किया है।

हाल ही में हुई थी बड़ी दुर्घटनाः ऐसी हरकतों के चलते कई बार बड़ी दुर्घटनाएं भी हो जाती हैं। हाल ही में नौ मंजिला इमारत पर पाइप के सहारे चढ़ रहे युवक को अचानक प्रेमिका का पति दिखा, इसके बाद उसने उतरना शुरू कर दिया। इसी दौरान उसका पैर फिसला और नीचे जा गिरा। इससे उसकी मौत हो गई।