मुंबई के मलाड स्थित पिंपरीपाड़ा में भारी बारिश के चलते दीवार गिरने से हुए हादसे में कई लोगों की जान चली गई। लेकिन इस दौरान कुछ चमत्कार भी देखने को मिले। मंगलवार (2 जुलाई) को तड़के हुए इस दर्दनाक हादसे में छह महीने का एक बच्चा चमत्कारिक तरीके से बच गया। आयुष नाम का एक बच्चा अपने मम्मी-पापा के साथ सो रहा था इसी दौरान दीवार ढह गई। दीवार ढहने के बाद यहां जमा हुआ पानी पास की झुग्गियों में घुस आया था। आयुष के मम्मी-पापा पानी के साथ बह गए। यहां रहने वाले कई लोग या तो बह गए थे या मलबे में फंस गए।

पिता ने बताया कैसा था मंजरः आयुष के 25 वर्षीय पिता उत्तम शर्मा ने बताया, ‘हम आयुष के साथ अपने घर में सोए थे। इससे पहले कि हम कुछ समझ पाते, हमने खुद को पानी में बहते हुए पाया। मैं और मेरी पत्नी ने एक-दूसरे को और बच्चे को पकड़ने की कोशिश की लेकिन पानी की मजबूत धारा हमें एक-दूसरे से अलग करके बहा ले गई। लेकिन सौभाग्यवश, आयुष झोपड़ी से आधे किलोमीटर दूर जीवित मिला। यह एक चमत्कार जैसा था। मेरी पत्नी भी जीवित बच गई।’ हालांकि आयुष के अन्य रिश्तेदार सौभाग्यशाली नहीं थे।

26 तक पहुंची मृतकों की संख्याः शर्मा नें कांपती हुई आवाज में कहा, ‘उनकी मौत मलबे में फंसने से हो गई। आयुष को इस घटना में चोट नहीं आई, उसके मम्मी-पापा को हल्की चोटें आई हैं और उनका इलाज अलग-अलग सरकारी अस्पतालों में हो रहा है। वहीं अधिकारियों ने बताया है कि इस घटना में मरने वालों की संख्या 26 तक पहुंच गई है। करीब 72 लोगों का अभी इलाज चल रहा है और 23 को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।