Mumbai Bandra Worli: मुंबई में शुक्रवार तड़के एक तेज रफ्तार फरारी ने नियंत्रण खो दिया और बांद्रा वर्ली सी लिंक (बीडब्ल्यूएसएल) पर रेलिंग से जा टकराई। कार को समृद्ध खंडेलवाल नाम का 28 वर्षीय व्यवसायी चला रहा था। बांद्रा पुलिस के अनुसार, इस दुर्घटना में कोई घायल नहीं हुआ और अब तक कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है। हालांकि पुलिस ने हादसे को लेकर स्टेशन डायरी में एंट्री कर ली।

पुलिस ने यह भी खुलासा किया कि चालक नशे की हालत में नहीं था। साथ ही ओवरस्पीडिंग के लिए किसी का चालान नहीं किया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि चूंकि यह एक दुर्घटना थी, इसलिए इलाके की स्थानीय पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए। अधिकारियों द्वारा साझा किए गए वीडियो में कार क्षतिग्रस्त हालत में देखी जा सकती है।

पुलिस ने इस एक्सीडेंट की ट्रैफिक दुर्घटना रिपोर्ट बनाई है। दरअसल यह ट्रैफिक दुर्घटना रिपोर्ट बीमा का क्लेम करने के लिए जरूरी होती है। करीब पांच करोड़ रुपये की यह लग्जरी कार एक निजी कंपनी के नाम पर रजिस्टर्ड है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘कार तेज स्पीड में थी और कार ने अचानक नियंत्रण खोते हुए रेलिंग से जा टकराई।

घटना तड़के सुबह करीब 2.30 बजे की बताई जा रही है। जब फारारी एसएफ 90 वर्ली छोर से सी लिंक में घुस गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के वक्त कार समुद्र लिंक के बांद्रा छोर से लगभग 200 से 300 मीटर की दूरी पर थी। जिस कार का एक्सीडेंट हुआ उसका नंबर MH O1 DV 0777 था।

गौरतलब है कि पांच अक्टूबर को मुंबई के बांद्रा वर्ली सी लिंक पर एक एंबुलेंस और चार कारों में टक्कर से पांच लोगों की मौत हो गई थी। घटना पोल संख्या 76 और 78 के बीच तड़के 2:20 बजे के करीब हुई थी। इस सड़क हादसे को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने भी दुख व्यक्त किया था। पीएम मोदी ने शोक संतृप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ट्वीट करते हुए लिखा था कि मुंबई में बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर हुए हादसे में लोगों की मौत से आहत हूं। शोक संतृप्त परिवारों के प्रति संवेदना है। मैं आशा करता हूं कि जो लोग घायल हुए हैं वे शीघ्र स्वस्थ हों।