समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार मंगलवार को उनके पैतृक गांव सैफई में राजकीय सम्मान के साथ किया गया। अखिलेश यादव ने पिता मुलायम सिंह यादव को मुखाग्नि दी। उनका पार्थिव शरीर सोमवार की दोपहर सैफई पहुंचा था। मंगलवार की दोपहर उनका पार्थिव शरीर को मेला ग्राउंड लाया गया था। नेता जी के बेटे अखिलेश ने पत्नी डिंपल यादव के साथ अंतिम संस्कार से पहले की विधियां पूरी कीं। भाजपा सांसद वरुण गांधी मंगलवार को सैफई पहुंचे और मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान वह अखिलेश यादव को गले लगाकर भावुक हो गए और रोने लगे।

अंतिम संस्कार में पहुंचे केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, अभिनेता अभिषेक बच्चन ने नेताजी मुलायम सिंह यादव के अंतिम दर्शन किए और अपनी श्रद्धांजलि दी।

तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू और भारतीय जनता पार्टी नेता रीता बहुगुणा जोशी भी यादव को अंतिम विदाई देने के लिए सैफई मेला ग्राउंड पंडाल में पहुंच चुके हैं। उद्योगपति अनिल अंबानी, एनसीपी नेता शरद पवार भी सैफई पहुंचे और मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी।

भाजपा नेता वरुण गांधी अपनी मां मेनका गांधी के साथ सैफई पहुंचे और मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सैफई पहुंचकर मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी। सीएम योगी के साथ उनके कई सहयोगी मंत्री भी सैफई पहुंचे और मुलायम सिंह यादव के अंतिम दर्शन किये।

अंतिम संस्कार को लेकर चिता में प्रयोग के लिए चंदन की लकड़ी, इत्र, खुशबू, सामग्री आदि को कन्नौज से लाया गया है। शोक में इटावा जिले के स्कूल, बाजार, प्रतिष्ठान व्यापारियों और संचालकों ने स्वेच्छा से बंद कर रखे हैं।

जया प्रदा ने क्या कहा:

रामपुर लोकसभा क्षेत्र की पूर्व सांसद एवं फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा ने कहा कि आदरणीय नेताजी के स्वर्गवास की खबर सुनकर मुझे बहुत दुःख हुआ। नेताजी से मैं काफी प्रभावित थी। वे परिवार और समाज को हमेशा बांधकर और एकसाथ लेकर चलने की बात करते थे।

बता दें कि मेदांता अस्पताल के मुताबिक, मुलायम सिंह यादव का सोमवार सुबह 8:16 बजे निधन हुआ। मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव सैफई में 11 अक्टूबर को शाम 3 बजे होगा। वहीं यूपी सरकार ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर तीन दिन के राजकीय शोक का ऐलान किया है।

Live Updates

सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को निधन हो गया था। पढ़ें हाइलाइट्स

22:11 (IST) 10 Oct 2022
नीतीश कुमार 12 अक्टूबर को पहुंचेंगे सैफई

मंगलवा(11 अक्टूबर)र को नीतीश कुमार के नागालैंड के दौरे पर रहने के चलते वे मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सकेंगे। ऐसे में नीतीश कुमार बुधवार(12 अक्टूबर) को सैफई जाएंगे।

21:18 (IST) 10 Oct 2022
केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने जताया दुख

नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि मुलायम सिंह जी के निधन का समाचार सुनकर निश्चित रूप से बहुत दुख हुआ। मुलायम सिंह जी ग्रामीण एवं किसान पृष्ठभूमि से आते थे। विशेष रूप से वो समाजवादी आंदोलन से जुड़े थे। मैं दिवंगत आत्मा के प्रति श्रद्धांजलि प्रस्तुत करता हूं।

20:39 (IST) 10 Oct 2022
सैफ़ई मेला ग्राउंड के पंडाल में रखा जाएगा पार्थिव शरीर

समाजवादी पार्टी के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से जानकारी दी गई कि अंतिम दर्शन के लिए मुलायम सिंह यादव का पार्थिव शरीर कल(11 अक्टूबर) सुबह 10 बजे सैफ़ई मेला ग्राउंड के पंडाल में रखा जाएगा। उसके बाद कल ही दोपहर 3 बजे अंतिम संस्कार किया जायगा।

19:40 (IST) 10 Oct 2022
भाजपा के यूपी प्रदेश अध्यक्ष ने ट्वीट कर क्या कहा-

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी के निधन पर उनके पैतृक निवास सैफई पहुंचकर सीएम योगी आदित्यनाथ जी के साथ पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्मा की चिर शांति की प्रार्थना करता हूं।

19:05 (IST) 10 Oct 2022
पार्थिव शरीर को देखते रहे सीएम योगी

सैफई में मुलायम सिंह यादव के अंतिम दर्शन के दौरान सीएम योगी अखिलेश यादव के बगल कुछ देर तक खड़े रहे और शांत मुद्रा में मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर को देखते रहे। वहीं सीएम योगी के अलावा स्वतंत्र देव सिंह, भाजपा के यूपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने भी सपा संरक्षक को श्रद्धांजलि दी। बता दें कि अखिलेश यादव के बगल उनके चाचा शिवपाल यादव भी खड़े नजर आए।

18:14 (IST) 10 Oct 2022
सीएम योगी पहुंचे सैफई, दी श्रद्धांजलि

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सैफई पहुंचकर मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी। सीएम योगी के साथ उनके कई सहयोगी मंत्री भी सैफई पहुंचे और मुलायम सिंह यादव के अंतिम दर्शन किये।

17:51 (IST) 10 Oct 2022
पैतृक गांव सैफई पहुंचा मुलायम सिंह यादव का पार्थिव शरीर

मुलायम सिंह यादव का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव सैफई पहुंच गया है। वहां उन्हें देखने के लिए लोगों का हुजूम लगा है। बता दें कि मुलायम सिंह यादव का पार्थिव शरीर उनके घर से कुछ ही दूरी पर स्थित गेस्ट हाउस में रखा गया है। इस दौरान लोगों की जमा भीड़ ने नेताजी अमर रहें के नारे लगाए। उनके अंतिम दर्शन के लिए कई विधायक सांसद मौजूद हैं।

17:16 (IST) 10 Oct 2022
शिवपाल यादव बोले- सच स्वीकार कर पाना मुश्किल

अपने बड़े भाई के निधन पर प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल यादव ने एक ट्वीट में कहा कि यह सत्य स्वीकार कर पाना कठिन है। उन्होंने लिखा, “मेरे अग्रज, हम सभी के ऊर्जा के स्रोत और अभिभावक आदरणीय नेता जी अब हमारे बीच नहीं हैं। इस सत्य को स्वीकार कर पाना कठिन है। आप हमारी स्मृतियों व विचारों में सदैव जीवित रहेंगे।”

17:10 (IST) 10 Oct 2022
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने क्या कहा-

मुलायम जी बहुत ही जनप्रिय नेता थे। सारी जिंदगी उन्होंने जनता की आवाज़ उठाई और उन्होंने सामाजिक दृष्टी से सामाजिक न्याय के लिए कार्य किया। मैं अपनी ओर से मुलायम सिंह जी को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, मंडी

17:00 (IST) 10 Oct 2022
आखिरी बार देखने के लिए लोगों का लगा तांता

मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर को सैफई ले जाने के दौरान आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर लोगों का हुजूम देखने को मिल रहा है। लोग अपने नेता के दीदार के लिए हाथ जोड़े खड़े दिखाई दे रहे हैं। कई लोग अपने हाथों में फूल लेकर खड़े हैं। इसमें बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं।

16:36 (IST) 10 Oct 2022
लालू यादव ने लगवाए ‘नेताजी अमर रहे’ के नारे

लालू प्रसाद यादव ने आरजेडी की कार्यकारिणी बैठक में मुलायम सिंह यादव को लेकर नारे लगवाए। उन्होंने नेताजी अमर रहे, मुलायम सिंह यादव अमरे रहें, समाजवाद अमर रहें के नारे लगवाए।

16:09 (IST) 10 Oct 2022
आगरा से आगे निकला मुलायम सिंह यादव का पार्थिव शरीर

मुलायम सिंह यादव का पार्थिव शरीर आगरा तक पहुंच जा चुका है। कुछ ही देर में उनका पार्थिव शरीर सैफई पहुंच जाएगा। वहीं रास्ते में लोगों का जमावड़ा दिखाई दे रहा है। पार्थिव शरीर ले जाने वाले काफिले में लोग जुड़ते जा रहे हैं।

15:56 (IST) 10 Oct 2022
भाजपा के समर्थन से बने पहली बार बने थे सीएम

मुलायम सिंह यादव 1989 के विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा के समर्थन से पहली बार मुख्यमंत्री बने थे। 1993 में वे दूसरी बार यूपी के मुख्यमंत्री बने। इस बार उन्हें कांशीराम के नेतृत्व वाली बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का समर्थन मिला।

इसके बाद 2003 में मुलायम सिंह यादव तीसरी बार सपा की अगुवाई वाले गठबंधन के नेता के रूप में सीएम बने। उनके तीनों कार्यकाल की कुल अवधि करीब छह साल और 9 महीने थी।

15:34 (IST) 10 Oct 2022
नेताजी ने गरीबों से जुड़कर जिंदगी गुजारी- अधीर रंजन

कांग्रेस नेता अधीर रंजन ने कहा कि मुलायम सिंह यादव एक ऐसे नेता थे जिन्होंने गरीबों से जुड़कर अपनी ज़िंदगी गुजारी। अभी तक के जो भी नेता रहें उनमें से मुलायम जी एक बड़ा नाम थे। दिलचस्प बात यह है कि इतनी उम्र के बावजूद वे सदन में आते और हर वक्तव्य को सुनते समझते थे।

15:22 (IST) 10 Oct 2022
CM भूपेश बघेल ने दी श्रद्धांजलि

छत्तीसगढ़ के सीएण भूपेश बघेल ने कहा, “मुलायम सिंह यादव एक ऐसे नेता थे जिन्होंने लोगों के जीवन से जुड़कर राजनीति की और कड़े फैसले लेते हुए कभी पीछे नहीं हटे। उनका निधन भारतीय राजनीति के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उनकी आत्मा को शांति मिले और उनके परिवार को शक्ति मिले।”

14:11 (IST) 10 Oct 2022
पुराने समाजवादियों में उनका बड़ा नाम था- मुलायम के निधन पर बोले फडणवीस

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, मुलायम सिंह यादव देश के वरिष्ठ राजनीतिज्ञ थे। उत्तर प्रदेश के विकास और देश की राजनीति में उनकी भूमिका रही है। पुराने समाजवादियों में उनका बड़ा नाम था। हम सबको उनके जाने का बहुत दुख है। भगवान उनके परिवार को दुख सहन करने की शक्ति दे।

13:56 (IST) 10 Oct 2022
सैफई में प्रशासन की टीम मौजूद

सैफई के डीएम ने बताया- इटावा हमें सूचना मिली है कि नेता जी का अंतिम संस्कार यहां किया जाएगा। प्राथमिक व्यवस्था कि लिए पुलिस और प्रशासन की टीम यहां मौजूद हैं। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक हमें अंतिम संस्कार का समय कल दोपहर का दिया गया है।

13:52 (IST) 10 Oct 2022
देश के लिए अपूरणीय क्षति- नरेश उत्तम पटेल

उत्तर प्रदेश के समाजवादी पार्टी अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा, हम लोग मुलायम सिंह यादव के निधन की खबर पाकर काफी दुखी हैं और समाजवादी पार्टी उनके निधन पर शोक व्यक्त करती है। समाजवादी पार्टी उनकी आत्मा की शांति की कामना करती है। यह देश के लिए अपूरणीय क्षति है।

12:53 (IST) 10 Oct 2022
बिगड़ते सेहत के बावजूद लोकसभा सत्र में हिस्सा लेते थे

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा, “मैं यूपी के पूर्व सीएम और दिग्गज राजनेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। अपने बुढ़ापे और बिगड़ते स्वास्थ्य के बावजूद वे नियमित रूप से लोकसभा सत्र में भाग लेते थे। उन्होंने विभिन्न पदों पर रहकर देश की सेवा की।”

12:48 (IST) 10 Oct 2022
मुलायम सिंह का निधन दुखदायी: लालू यादव

आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने भी मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा, “नेताजी अब हमारे बीच नहीं रहे। समाजवादी आंदोलन को आगे बढ़ाने में मुलायम सिंह यादव का अहम योगदान था। उनके साथ हमारे परिचित संबंध थे। उनके निधन की खबर हमारे लिए बेहद दुखदायी है। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति मिले।”

12:27 (IST) 10 Oct 2022
अमित शाह ने अस्पताल पहुंचकर शोक जताया

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचकर मुलायम सिंह यादव को श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव से भी बातचीत की और अपनी शोक संवेदनाएं प्रकट की।

11:47 (IST) 10 Oct 2022
मनोहर लाल खट्टर ने भी जताया दु:ख

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि वह हमारे बीच में नहीं रहे इससे हमें काफी दुख है। मैं अपनी और हरियाणा सरकार की तरफ से उनके लिए भगवान से शांति की प्रार्थना करता हूं।

11:23 (IST) 10 Oct 2022
इस क्षति की भरपाई कोई नहीं कर सकता- मनोज झा

मुलायम सिंह यादव के निधन पर RJD सांसद व नेता मनोज झा ने कहा कि आज एक युग का अंत हुआ है। एक ऐसा युग जिसने राजनीति को राजमहल से मुक्त कर सड़कों, गांवों तक ले गए। मैं समझता हूं कि इस क्षति की भरपाई कोई नहीं कर सकता… भगवान उनके परिवार, समर्थकों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।

11:22 (IST) 10 Oct 2022
मेदांता अस्पताल पहुंचे अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचे हैं। मेंदाता में भर्ती मुलायम सिंह यादव का सोमवार को निधन हो गया।

11:20 (IST) 10 Oct 2022
जमीन से जुड़े नेता थे मुलायम- फ़ारुक अब्दुल्ला

सपा नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख फ़ारुक अब्दुल्ला ने कहा कि वह बड़े नेता थे जिसे देश को जरूरत थी। वह ज़मीन और लोगों से जुड़े नेता थे। वह संसद में ऐसी बातें बोलते थे जो हुकूमत सुन सकती थी। उन्होंने गरीबों को उठाने और उनकी बदहाली दूर करने के लिए अपनी जिंदगी दी।

11:19 (IST) 10 Oct 2022
यह एक युग का अंत- केपी मौर्य

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मुलायम सिंह यादव का निधन बेहद दुखद है। उनका इलाज चल रहा था सब इस आस में थे कि वे वापस इलाज करवाकर लौटेंगे लेकिन यह खबर आई। राजनीतिक दृष्टि से यह एक युग का अंत है।

11:04 (IST) 10 Oct 2022
सामाजिक न्याय के सशक्त पैरोकार के रूप में मुलायम सिंह का योगदान याद रखा जाएगा- प्रियंका

मुलायम सिंह यादव के निधन पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने दुख व्यक्त किया, “मुलायम सिंह यादव जी के निधन का दुखद समाचार मिला। भारतीय राजनीति में UP के पूर्व मुख्यमंत्री, भारत सरकार के रक्षामंत्री व सामाजिक न्याय के सशक्त पैरोकार के रूप में उनका योगदान याद रखा जाएगा।”

10:44 (IST) 10 Oct 2022
मुलायम सिंह का निधन पीड़ादायक- राजनाथ

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ज़मीन से जुड़े ऐसे नेता थे जिन्होंने कई दशकों तक UP की राजनीति में एक प्रमुख भूमिका निभाई। अपने लम्बे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने अनेक पदों पर काम किया और देश, समाज एवं प्रदेश के विकास में अपना योगदान दिया। उनका निधन पीड़ादायक है।

10:36 (IST) 10 Oct 2022
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया शोक

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट कर संवेदना व्यक्त की।

10:36 (IST) 10 Oct 2022
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जताया शोक

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट कर संवेदना व्यक्त की।