Mukesh Sahni Statement: बिहार में नीतीश कुमार ने बीजेपी का साथ छोड़कर महागठबंधन के साथ सरकार बनायी और एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। इस बीच बिहार के पूर्व मंत्री और विकास इंसान पार्टी के सुप्रीमो मुकेश सहनी के विवादित बोल सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि BJP का हाल उस मर्द के जैसे हो गया है जिसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई है।

खगड़िया में अपनी पार्टी के जिला कार्यालय के उद्घाटन समारोह में पहुंचे मुकेश सहनी ने अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा, “जिंदगी जीने के लिए भी दो लोग जरूरी हैं, एक खुद और एक धर्मपत्नी। अब अगर किसी की धर्मपत्नी उसे छोड़ कर चली जाए या उसका कोई साथी ना हो तो वो आदमी कैसा होगा? वही भाजपा के साथ आज हो गया।” सहनी ने आगे कहा कि यही भाजपा के साथ हुआ है, उसे माननीय मुख्यमंत्री जी छोड़ कर चले गए, अब उसके पास कोई नहीं है।”

भाजपा को हमारी खुशी बर्दाश्त नहीं: इसके साथ ही VIP प्रमुख ने निषाद समाज की ताकत बताई और एनडीए में अपने साथ हुए अन्याय के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि सालों से वह निषाद, अति पिछड़े समाज के लोगों को उनका अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

सहनी ने कहा, पहले निषाद समाज के लोगों को दबा कर रखा जाता था। एक सीट के लिए उन्हें लोगों के पीछे भागना पड़ता था, लेकिन 2020 के विधानसभा चुनाव में इस समाज के लोगों ने अपनी ताकत दिखाई। जिससे वह बिहार सरकार का हिस्सा बने, लेकिन भाजपा के लोगों को यह खुशी बर्दाश्त नहीं हुई। उन लोगों ने पार्टी को तोड़ दिया।”

पार्टी तोड़ने वालों को सबक सिखाएंगे: मुकेश सहनी ने कहा, “हमें मंत्रीमंडल से बाहर कर दिया गया। हमारे सहयोग से नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री बने। उन्होंने कहा की हमलोग लड़ाई लड़कर यहां तक पहुंचे हैं, लेकिन जो लोग हमारे पीछे हैं नहीं चाहते कि हमारा समाज आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि 2024 के आगामी चुनाव में हमारी पार्टी सबको मुंहतोड़ जवाब देगी। पार्टी तोड़ने वालों को सबक सिखाएंगे।”

मुकेश सहनी ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा, ”वह पहाड़ हैं तो मैं दशरथ मांझी हूं जब तक तोड़ेंगे नहीं तब तक छोड़ेंगे नहीं।” उन्होंने कहा कि बिहार में सरकार बनाने के लिए 35 प्रतिशत वोट की जरूरत है जो अति पिछड़ा वर्ग के पास है। बस हमें एकजुट होने की जरूरत है।”