एमपी के सीधी जिले में शातिर युवक ने आवाज बदलने वाले मैजिक वॉइस ऐप के जरिये महिला टीचर के रूप में बात कर सात से अधिक आदिवासी छात्राओं के साथ दुष्कर्म किया। घटना का खुलासा एक पीड़िता के पुलिस से शिकायत से हुआ। इस घटना से राज्य में हड़कंप मच गया। सीएम मोहन यादव ने एसआईटी का गठन कर जांच करने और आरोपी युवक को पकड़ने का सख्त निर्देश दिया। एसआईटी का नेतृत्व एक महिला डीएसपी को एसआईटी की कमान सौंपी गई है। टीम में 9 लोग शामिल हैं। सीएम ने टीम से सात दिन के अंदर रिपोर्ट मांगी है।
आरोपी के साथ कई और युवक उसके सहयोग में थे
आरोपी युवक के साथ कई और युवक उसके सहयोग में थे। आवाज बदलने वाले मैजिक वॉइस ऐप के जरिये आरोपी युवक पहले आदिवासी छात्राओं से महिला टीचर बनकर फोन करता था और खुद को अर्चना मैडम कहता था। फिर उनको स्कॉलरशिप दिलाने का लालच देकर सुनसान जगह पर बुलाता था। इसके बाद उनको पकड़कर उनके साथ दुष्कर्म करता था।
पीड़ित छात्रा ने पुलिस को बताई पूरी बात
आरोपी युवक का शिकार बनी सभी छात्राएं आदिवासी हैं। वे स्कॉलरशिप पाने के लालच में दस्तावेज लेकर उसके पास पहुंच गई थीं। इन पीड़ित छात्राओं में से एक ने हिम्मत दिखाकर थाने पहुंची और पुलिस से शिकायत कर दी। इससे पूरा मामला सामने आ सका।
पुलिस के मुताबिक आरोपी लड़कियों के साथ बलात्कार करने के बाद उनके मोबाइल फोन लूट लेता था ताकि वे मदद के लिए फोन न कर सकें। अब तक पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 16 फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया, “एक लड़की एक नाबालिग के साथ उससे मिलने गई थी। आरोपी ने दोनों के साथ बलात्कार किया। बाकी लड़कियां 19-20 साल की हैं।”
आईजी महेंद्र सिकरवार ने मीडिया वालों से कहा कि 4 आरोपियों की गिरफ्तारी हो गई है। आरोपी से पूछताछ हुई तो मुख्य आरोपी ब्रजेश कुशवाहा निकला। वह मैजिक ऐप के जरिए महिला की आवाज में बात करता था। हालांकि वह अनपढ़ है, लेकिन तकनीक का वह जानकार है। उसने अपने दोस्त के मोबाइल में व्हाट्सएप ग्रुप से नंबर निकाले और यहीं से उसने इस पूरे वारदात की प्लानिंग की। वह महाराष्ट्र के रोलिंग मिल में काम करता था। एक बार काम के दौरान उसके हाथ जल गए थे। इसी से उसकी पहचान हुई।