मध्य प्रदेश में 15 साल बाद सत्ता में लौटी कांग्रेस की सरकार को अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ है, लेकिन अंदरुनी गड़बड़ के संकेत मिलने लगे हैं। दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) पर पर्दे के पीछे से सरकार चलाने का आरोप लगाने के बाद अब राज्य के वन मंत्री उमंग सिंघार ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी (Congress President Sonia Gandhi) को चिट्ठी लिखकर दिग्विजय की शिकायत की है। इसमें आरोप लगाया गया है कि दिग्विजय सिंह मध्य प्रदेश में कमल नाथ सरकार (MP CM Kamal Nath) को अस्थिर करने की साजिश कर रहे हैं। बता दें कि सिंघार की चाची जमुना देवी दिग्विजय की सरकार में डिप्टी सीएम (Deputy CM) थीं।
सिंघार ने चिट्ठी में लिखा है, ‘मुझे यह बताते हुए बेहद दुख हो रहा है कि खुद को सत्ता का केंद्र साबित करने की कोशिश में जुटे दिग्विजय सिंह अब कमल नाथ सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। वो मंत्रियों को चिट्ठी लिखकर उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं और विरोधियों को मुख्यमंत्री कमल नाथ और उनकी सरकार को निशाना बनाने का मौका दे रहे हैं।’
National Hindi News, Top Headlines 03 September 2019 LIVE: देश-दुनिया की खबरों के लिए क्लिक करें
बता दें कि रिपोर्ट्स के मुताबिक हाल ही में दिग्विजय ने मंत्रियों को बताए गए कार्यों और अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर अपनी सिफारिशों पर जानकारी मांगी थी। पिछले नौ महीनों में कमल नाथ सरकार गुटबाजी का सामना कर रही है जो हमेशा से कांग्रेस की समस्या रही है। राज्य सरकार के मंत्री अलग-अलग खेमों में बंट गए हैं। विधानसभा में बमुश्किल सरकार बनने के बाद लोकसभा चुनाव में कांग्रेस सिर्फ एक सीट जीत पाई थी। इसके बावजूद हालात बद से बदतर हो गए।
सिंघार ने अपनी चिट्ठी में लिखा है, ‘राज्य में मंत्री अपने मुख्यमंत्री के प्रति जवाबदेह हैं। सिंह राज्यसभा के सदस्य हैं। ऐसे में दिग्विजय सिंह का ट्रांसफर-पोस्टिंग के लिए चिट्ठियां लिखना सही नहीं है, ऐसे में आगे से दूसरे सांसद भी मुख्यमंत्री को पत्र लिख सकते हैं। अगर इस तरह की परंपरा स्थापित होगी तो मंत्री जनकल्याण के कामकाज कैसे कर पाएंगे?’