मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में हादसे में घायल होने के बाद सड़क पर बेसुध पड़े 29 वर्षीय शख्स की जान बचाने के लिए सूबे के स्वास्थ्य मंत्री तुलसीराम सिलावट ने शुक्रवार को अपना काफिला रुकवाया और अपने निजी स्टाफ की मदद से घायल को नजदीक के अस्पताल में भर्ती करवाया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

घायल को इलाज के लिए करवाया भर्तीः अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के बीच इंदौर-सांवेर रोड पर एक घायल व्यक्ति बेसुध पड़ा था। दुर्घटना की शिकार उसकी मोटरसाइकिल भी पास ही पड़ी थी। उन्होंने बताया कि सिलावट का काफिला जब इस सड़क से गुजरा, तो उनकी नजर घायल व्यक्ति पर पड़ी। स्वास्थ्य मंत्री ने तुरंत गाड़ी रुकवाई और नीचे उतरकर निजी स्टाफ को घायल को देखने के लिए भेजा। इसके बाद उन्हें निर्देश दिए कि उसे तुरंत अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया जाए।

घायल की हालत खतरे से बाहरः अधिकारियों ने बताया कि स्टाफ ने तुरंत ड्यूटी में लगी गाड़ी में बैठाकर तत्काल श्री अरबिंदो इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस में घायल को भर्ती करवाया। घायल की पहचान विनोद राव (29 वर्ष) के रूप में हुई है। अरबिंदो इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस के पीआरओ राजीव सिंह ने बताया कि घायल की हालत खतरे से बाहर है। उसे ज्यादा चोट नहीं आई है।

इससे पहले मध्य प्रदेश के एक मंत्री द्वारा एक महिला की जान बचाने का मामला सामने आया था। दरअसल एक 70 साल की वृद्ध महिला पर अचानक पेड़ की एक टहनी गिर गई जिसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। तभी वहां से प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर गुजर रहे थे। जैसे ही मंत्री की नजर उस महिला पर पड़ी उन्होंने तुंरत अपनी गाड़ी रुकवाई और वृद्ध महिला को अपनी गाड़ी में उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।