महाराष्ट्र के ठाणे में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी फिर से सामने सामने आई है। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस घटना के बाद हिंदी बनाम मराठी का मुद्दा सामने आ गया है। लोकल ट्रेन में धक्का लगने की मामूली बात से शुरू हुआ विवाद बड़ा हो गया। यह घटना ठाणे के कलवा इलाके की है।

MNS ने अपने X हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमे MNS की पदाधिकारी स्वरा काटे के पति अर्जुन काटे लोकल ट्रेन से उतर रहे थे और वह एक महिला से टकरा जाते हैं। MNS के अनुसार अर्जुन काटे ने इस काम के लिए तुरंत माफी भी मांगी, लेकिन महिला ने गुस्से में आकर उन्हें गालियां दे दीं, जिससे मामला बढ़ गया। MNS कार्यकर्ताओं का कहना है कि महिला ने मराठी लोगों को खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अर्जुन की पत्नी स्वरा काटे भी वहां पहुंच जाती हैं और अपने पति पर हुए हमले का विरोध करती है। इसके बाद स्वरा काटे ने महिला को थप्पड़ जड़ दिया। फिर घटना की जानकारी सोशल मीडिया पर मनसे कार्यकर्ताओं को हुई और उन्होंने महिला को खोजा और पार्टी कार्यालय बुलाया।

तुम महाराष्ट्र के बेटे हो, बाकी लोग बाहर से… हिंदी-मराठी विवाद पर फिर भड़के राज ठाकरे

बताया जा रहा है कि महिला हिंदी भाषी थी और उससे माफी मांगने को कहा गया। वीडियो के अनुसार जब महिला माफी मांग रही थी, तभी स्वरा काटे ने सबके सामने महिला को थप्पड़ जड़ दिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि इस दौरान तीन पुरुष नेता भी वहां मौजूद थे, जबकि पीड़ित महिला की बेटी और परिजन भी मौके पर थे।