शहर की शास्त्री नगर कालोनी में हुई गोलीबारी की एक घटना में प्रदेश के पूर्व मंत्री और सपा के नवाबगंज क्षेत्र से विधायक भगवत सरन गंगवार के भाई के दामाद की मौत हो गई। घटना में विधायक का भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। शहर के एसआरएमएस मेडिकल कालेज में उसका इलाज कर रहे डाक्टरों ने उसकी हालत भी गंभीर बताई है। नगर पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने बताया कि गोलीबारी के आरोपी सतेंद्र सिंह और मंजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक अन्य आरोपी रिंकू की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने बंदूक भी बरामद की है।

नगर पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने बताया कि जिले के नवाबगंज क्षेत्र से सपा के विधायक भगवत सरन गंगवार के भाई योगेंद्र गंगवार शास्त्री नगर में रहते हैं। गुरुवार को शहर के ही मढ़ीनाथ मोहल्ले में रहने वाला उनका दामाद राजपाल गंगवार ससुराल में होली खेलने आया था। वह अपने साले अभिनव के साथ होली खेल रहा था। इसी दौरान अभिनव की पड़ोस में रहने वाले रिटायर फौजी सतेंद्र सिंह से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद के तूल पकड़ने पर दोनों में हाथापाई की नौबत आई तो राजपाल गंगवार ने उनका बीच बचाव किया। थोड़ी ही देर में सतेंद्र सिंह अपने दो रिश्तेदारों मंजीत सिंह और रिंकू के साथ वहां आया और गोलीबारी शुरू कर दी। गोलीबारी में राजपाल गंगवार और उनके साले अभिनव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना स्थल पर भीड़ जमा होने पर हमलावर मौके से फरार हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए एसआरएमएस मेडिकल कालेज पहुंचाया गया जहां डाक्टरों ने राजपाल गंगवार को मृत घोषित कर दिया। अभिनव का इलाज चल रहा है लेकिन उसकी हालत गंभीर है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। हमलावरों की तलाश में कई स्थानों पर दबिश मार कर घटना के आरोपी सतेंद्र सिंह और मंजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया है। इस वारदात में लिप्त तीसरा आरोपी रिंकू अभी तक पुलिस के हत्थे नहीं लगा है। नगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इसकी तलाश की जा रही है। इस घटना से थाना प्रेमनगर क्षेत्र में दहशत फैल गई है। शास्त्री नगर में एहतियातन पुलिस तैनात कर दी गई है। राज्य के डीजीपी जावीद अहमद ने पूर्व मंत्री और विधायक भगवत सरन गंगवार से फोन पर घटना के बारे में बात कर उन्हें सांत्वना दी है। उन्हें यह भरोसा भी दिया कि हमलावरों को बख्शा नहीं जाएगा। पीड़ित परिवार को सुरक्षा भी मुहैया कराई जाएगी।