जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले स्थित सुगमा इलाके में आतंकियों ने 25 साल की महिला की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आतंकियों ने महिला के माथे पर बंदूक सटाकर गोली मारी और पूरी वारदात का वीडियो भी बनाया। इसके बाद वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया। पुलिस ने महिला का शव जैनापोरा के दुर्गम इलाके से बरामद किया।
कंप्यूटर क्लास से लौटते वक्त किडनैप हुई थी महिला : पुलिस के मुताबिक, महिला की शिनाख्त इशरत मुनीर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पुलवामा में कंप्यूटर क्लास से लौटते वक्त इशरत को किडनैप कर लिया गया था। इसके बाद आतंकी महिला को शोपियां ले गए और उसकी हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि महिला का संबंध घाटी के आतंकी संगठन अलबदर के चीफ जीनत-उल-इस्लाम से था, जो 14 जनवरी को कुलगाम के यारीपोरा में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया था।
यह हो सकती है हत्या की वजह : पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि इशरत मुनीर और जीनत-उल-इस्लाम चचेरे भाई-बहन थे। माना जा रहा है कि जीनत की हत्या में शामिल होने के शक में इशरत का मर्डर किया गया। जीनत-उल-इस्लाम का संबंध हिजबुल मुजाहिद्दीन से था। संदेह है कि इशरत की हत्या में हिजबुल के आतंकियों का हाथ हो सकता है।
ऐसे हुआ हत्या का खुलासा : पुलिस के मुताबिक, इस हत्या का खुलासा महिला का वीडियो सामने आने के बाद हुआ। महिला को दो बार गोली मारी गई थी। वहीं, यह वीडियो गुरुवार रात सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया। वीडियो में महिला के दोनों हाथ बंधे हुए दिखाई दिए। पहली गोली उसके माथे से बंदूक सटाकर गोली मारी गई, जिससे वह एक तरफ गिर गई। इसके बाद आतंकियों ने महिला को दूसरी गोली मार दी। पुलिस ने केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।