पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक मजेदार वाकया तब देखने को मिला जब मुख्य विपक्षी दल सपा के नेता जमा तो हुए थे, अपराध के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए लेकिन खुद ही चोरों का शिकार बन गए। हुआ यूं कि सपा ने प्रदेश में बढ़ते अपराधों और खराब होती कानून व्यवस्था का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन का आह्वान किया था लेकिन इस दौरान चोरों ने मौका पाकर सपा नेताओं की ही जेब काट ली।
चोरी का शिकार हुए जिलाध्यक्ष का नाम विपिन चौधरी है, उनकी जेब से चोरों ने पर्स गायब कर दिया। इसके अलावा तीन और कार्यकर्ताओं की भी जेब कट गई।
सपा ने इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं को बुलाया था। पार्टी के जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी के साथ ही पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान के नेतृत्व में कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पर पहुंचे। यहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश की सरकार में कानून व्यवस्था नाम की चीज नहीं है और अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
पार्टी के नेताओं का कहना था कि योगी सरकार अपराध पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। इसके बाद पार्टी नेताओं ने जिलाधिकारी दीपक मीणा को ज्ञापन सौंपा। कुछ देर बाद यह पता चलते ही हड़कंप मच गया कि सपा जिलाध्यक्ष और कुछ कार्यकर्ताओं की जेब पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया है।
मोबाइल और रकम उड़ाई
जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी की जेब से जो पर्स चोरी हुआ उसमें 20 हजार रुपये, आधार कार्ड, पैन कार्ड व अन्य कागजात थे। इसी तरह पार्टी उपाध्यक्ष गौरव गिरी की जेब से भी चोरों ने मोबाइल और 2000 रुपये उड़ा लिए। पार्टी के एक और कार्यकर्ता हरप्रीत आहूजा और मुकेश कुमार की जेब पर भी चोरों ने हाथ साफ कर दिया।
सपा कार्यकर्ताओं के साथ हुई चोरी की घटना की बात पूरे शहर में फैल गई। पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का मानना है कि प्रदर्शन के दौरान जब भीड़ ज्यादा थी, इस दौरान चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान हुई चोरी की वारदात से यह भी पता चलता है कि प्रदेश की कानून व्यवस्था का क्या हाल है। उन्होंने कहा है कि पार्टी इस मामले को आगे भी उठाएगी।
एसएसपी दफ्तर से चोरी हुई मोटरसाइकिल
पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस को सीसीटीवी से कुछ सुराग भी मिले हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस इस मामले में फुर्ती के साथ जांच कर रही है। इसके अलावा सोमवार को एसएसपी दफ्तर से मोटरसाइकिल भी चोरी हो गई थी। सपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब डीएम और एसएसपी ऑफिस पर हुई इन घटनाओं से पता चलता है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की क्या हालत है।