शहर के थाना मेडिकल क्षेत्र में एक महिला की हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप पड़ोस के एक युवक पर लगा है, जो घटना के बाद से फरार है। थाना मेडिकल पुलिस के मुताबिक मृतका का नाम संगीता (26) है। उत्तर प्रदेश के बलिया के नागारपुर गांव निवासी संगीता अपनी मां पुष्पा और पिता सीताराम शरण तिवारी के साथ मेडिकल थाना क्षेत्र के जागृति विहार इलाके में सोनू शर्मा के मकान में किराए पर रहती थी। सोमवार देर रात हुई हत्या की इस वारदात की पुलिस को सूचना कथित हमलावर युवक गौरव ठाकुर के दोस्त राजकुमार ने दी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पता चला है कि संगीता के पड़ोस के युवक गौरव ठाकुर (30) से करीब आठ साल से प्रेम संबंध थे। इसी के चलते संगीता के परिजनों ने करीब छह साल पहले उसकी शादी गाजीपुर निवासी अंगद के साथ कर दी थी, जो मुंबई में एक निजी कंपनी में काम करता है। पति के मुंबई में रहने के कारण संगीता अपने चार साल के बेटे कान्हा के साथ जागृति विहार में ही अपने मायके में रह रही थी।

उन्होंने बताया कि संगीता के मकान से सटे हुए मकान में गौरव भी अपने दोस्त राजकुमार के साथ किराए पर कमरा लेकर रहने लगा था। शादी के बाद भी गौरव छत के रास्ते संगीता के घर उससे मिलने पहुंच जाता था। शनिवार रात को भी वह इसी तरह संगीता से मिलने पहुंचा था। वहां दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि गौरव ने संगीता की गला दबाकर हत्या कर दी और घटना की सूचना अपने दोस्त राजकुमार को देते हुए फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

वहीं जिले के थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र में करीब आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने एक कपड़ा कारोबारी के घर पर धावा बोलकर लाखों रुपयों की नकदी, सोने-चांदी के गहने और अन्य सामान लूट लिया। इस दौरान लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने हथियारों के बल पर घर की महिलाओं और अन्य सदस्यों को घर के एक कमरे में बंद कर दिया। करीब आधा घंटे तक घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर एलसीडी भी साथ लेकर फरार हो गए।

जिला पुलिस प्रवक्ता ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मंगलवार को बताया कि सोमवार देर रात समर गार्डन कालोनी निवासी कपड़ा कारोबारी सैफुद्दीन उर्फ सैफू के घर में करीब आधा दर्जन हथियारबंद बदमाश जबरन घुस गए। उन्होंने नकाब पहन रखा था। बदमाशों ने घर में घुसते ही लूटपाट मचानी शुरू कर दी। परिवार के सदस्यों ने विरोध किया तो बदमाशों ने महिलाओं समेत परिवार के सभी सदस्यों को एक कमरे में बंद कर दिया।

घटना के शिकार कपड़ा कारोबारी के परिजनों ने बताया कि बदमाश घर से लाखों की नकदी, सोने-चांदी के जेवर समेत करीब 15 लाख रुपए का सामान लूट कर ले गए हैं। पुलिस घटना में शामिल बदमाशों की शिनाख्त का प्रयास कर रही है। पुलिस का दावा है कि उसे घटना के संबंध में कुछ सुराग मिले हैं। जल्द ही वह बदमाशों को गिरफ्तार कर लेगी।