बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की मुखिया मायावती ने मंगलवार को सपा और बसपा कार्यकर्ताओं से पुराने मतभेद भुलाकर आगामी लोकसभा चुनाव में इन पार्टियों के गठबंधन के प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। मायावती ने अपने 63 वें जन्मदिवस पर संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वह सपा और बसपा के सभी कार्यकर्ताओं से अपील करती हैं कि वे पुराने आपसी मतभेद भुला दें और अगले लोकसभा चुनाव में सपा तथा बसपा के प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करें। यही उनके लिए जन्मदिन का सबसे बड़ा तोहफा होगा।
मालूम हो कि सपा और बसपा ने अपनी 23 साल पुरानी दुश्मनी भुलाते हुए आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए गत शनिवार को परस्पर गठबंधन का ऐलान किया था। दोनों ने प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से 38-38 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। गठबंधन में हालांकि कांग्रेस को शामिल नहीं किया गया है लेकिन इस पार्टी के अध्यक्ष राहुल गांधी और इस पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के लिए क्रमश: अमेठी और रायबरेली की सीटें छोड़ दी गई हैं।
उ.प्र. और बिहार तय करेंगे केंद्र की अगली सरकार: तेजस्वी
सपा और बसपा के महागठबंधन से उत्साहित राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता एवं बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने सोमवार को कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश और बिहार के नतीजे तय करेंगे कि केन्द्र में अगली सरकार किसकी बनेगी। बसपा प्रमुख मायावती से कल रात भेंट कर ‘आशीर्वाद‘ लेने वाले तेजस्वी ने आज सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा कि सपा-बसपा गठबंधन से सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश में संदेश में गया है। अब उत्तर प्रदेश और बिहार की जनता तय करेगी कि केन्द्र में अगली सरकार किसकी बनेगी। राजद उप्र में इस गठबंधन का समर्थन करेगा।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 80 सीटें, जबकि बिहार में 40 सीटें हैं। इसके अलावा झारखण्ड की 14 सीटों को भी मिला लें तो यह संख्या 134 हो जाती है। इस वक्त इनमें से भाजपा के पास 115 सीटें हैं। इन राज्यों में गठबंधन होने से भाजपा 100 सीटें हार जाएगी। सपा-बसपा के गठबंधन के जरिये देश को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चंगुल से बचाया जा सकेगा। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि देश की जनता भाजपा से खुश नहीं है। भाजपा ने बिहार को भी छलने की कोशिश की है जबकि खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार के लिये विशेष आर्थिक पैकेज का वादा किया था।