मथुरा हिंसा पर भाजपा उत्‍तर प्रदेश सरकार के खिलाफ धरना देगी। इस धरने में मथुरा से भाजपा सांसद हेमा मालिनी भी शामिल होंगी। हेमा मालिनी शुक्रवार को हिंसा के बाद अपने टि्वटर पेज पर फिल्‍म शूटिंग की फोटो पोस्‍ट कर विवादों में आ गई थी। विपक्ष ने भी इस मुद्दे पर हेमा मालिनी को घेरा था। हालांकि बाद में उन्‍होंने तस्‍वीरें हटा ली थीं। भाजपा ने इस बारे में कहा था कि हेमा मालिनी को घटना के बारे में जानकारी नहीं थी। जैसे ही उन्‍हें पता चला उन्‍होंने तस्‍वीरें हटा लीं।

हेमा मालिनी ने शनिवार को मथुरा हिंसा के मामले पर यूपी सरकार को निशाने पर लिया। उन्‍होंने कहा कि राज्‍य सरकार को अतिक्रमण हटाने के लिए उचित कदम उठाने चाहिए थे। हाईकोर्ट के आदेश के बाद ऐसा किया गया। करीब 3000 लोग वहां पर हथियार लिए हुए थे। क्या प्रशासन को इस बारे में जानकारी नहीं थी। उनको पता था लेकिन वे इसे संभाल नहीं पाए। उन्‍होंने कहा, ”इतनी बड़ी घटना हो गई उन्‍हें(अखिलेश यादव) को यहां होना चाहिए। मैं 24 घंटे के अंदर मथुरा आ गई। अब कोई नहीं कह सकता कि मथुरा की सांसद कहां है?” हेमा मालिनी ने मथुरा हिंसा के मामले में सीबीआई जांच की मांग भी की है।

बाद में हेमा मालिनी ने अस्‍पताल में घायल पुलिसकर्मियों से मुलाकात भी की। साथ ही उनके हालचाल भी जाने। अतिक्रमियों के साथ झगड़े में मारे गए एसपी मुकुद द्विवेदी के घर भी हेमा मालिनी गई।