महाराष्ट्र के पुणे के उरुली देवाची गांव स्थित कपड़े के एक गोदाम में गुरुवार (9 मई) तड़के भीषण आग लग गई। इस हादसे में जिंदा जलने से 5 मजदूरों की मौत हो गई। चश्मदीदों ने इस हादसे की आंखों देखी बयां की, जिसे सुनकर हर किसी के रोंगटे खड़े हो गए।

ऐसे हुआ हादसा: बताया जा रहा है कि यह हादसा गुरुवार तड़के हुए। उस वक्त कई मजदूर गोदाम के अंदर सो रहे थे। उन्हें आग लगने की जानकारी नहीं मिल सकी, जिससे वे आग की चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलस गए। जानकारी के मुताबिक, यह हादसा राजयोग साड़ी उद्योग के गोदाम में हुआ।

चश्मदीद ने बताई आंखों देखी: चश्मदीद के मुताबिक, गोदाम का दरवाजा बंद था और अधिकतर लोग सो रहे थे। आग लगने के कारण मजदूरों को बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिला, जिससे वे काल के गाल में समा गए।

वे चिल्लाते रहे, हम नहीं खोल पाए दरवाजे : चश्मदीदों के मुताबिक, आग लगने के बाद धुएं से पांचों मजदूरों का दम घुटने लगा था। उन्होंने गोदाम से बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। उस वक्त उन्होंने शोर भी मचाया, लेकिन आग की लपटों के चलते हम उनकी मदद नहीं कर सके।