महाराष्ट्र के उस्मानाबाद में एक शख्स ने कहासुनी के बाद अपनी गर्भवती पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद वह पूरी रात शव के साथ ही सोता रहा। सुबह होने पर आरोपी ने मामले की जानकारी पुलिस को दी और अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, हत्या का केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
ऐसे अंजाम दी वारदात : पुलिस के मुताबिक, उस्मानाबाद जिले में विनोद धानसिंह पवार अपनी पत्नी प्रियंका राठौड़ के साथ रहता है। गुरुवार रात पति-पत्नी में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। गुस्से में विनोद ने प्रियंका का कत्ल कर दिया और डेडबॉडी को बिस्तर पर रख दिया। इसके बाद वह डेडबॉडी के बगल में ही सो गया।
पुलिस को खुद ही दी सूचना : पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार सुबह विनोद ने थाने में फोन किया और अपनी पत्नी का कत्ल करने की जानकारी दी। इसके बाद उसने खुद को पुलिस को हवाले कर दिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
9 महीने पहले हुई थी शादी : बताया जा रहा है कि विनोद पवार बोरवेल कमीशन एजेंट है, जबकि प्रियंका तुल्जापुर में नर्स थी। दोनों की शादी करीब 9 महीने पहले हुई थी। घटना के वक्त महिला करीब 5 महीने की गर्भवती थी। हालांकि, प्रियंका के परिजनों ने विनोद पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वह बार-बार दहेज की मांग कर रहा था और विरोध जताने पर उनकी बेटी को परेशान करता था।