झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में एक लड़की से कथित तौर पर छेड़छाड़ करने वाले राजमिस्त्री की तीन लोगों ने हत्या कर दी। आरोप है कि वह पहले भी ऐसा करता रहा है। इससे हमलावर नाराज थे। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
मृतक शराब पीने के लिए गया था : पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत महाता ने बताया कि घटना 28 अक्टूबर की शाम को तब हुई जब मोहम्मद इस्माइल नामक व्यक्ति चावल की बनी शराब पीने के लिये गुलुरुआ गांव गया था। वह राजमिस्त्री का काम करता था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस्माइल ने गांव के एक व्यक्ति की बहन से कथित तौर पर छेड़छाड़ की। इससे गुस्साए उस व्यक्ति ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से उसकी मार-मारकर हत्या कर दी।
Hindi News Today, 02 November 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की अहम खबरों के लिए क्लिक करें
लाश को कुएं में फेंक दिए थे : उन्होंने बताया कि आरोपियों ने लाश को गांव से करीब दो किलोमीटर दूर एक कुएं में फेंक दिया था। सभी तीनों आरोपियों को 31 अक्टूबर को गिरफ्तार कर उन्हें स्थानीय अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। एसपी ने बताया कि इस्माइल पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के रघुनाथगंज पुलिस थाना क्षेत्र का निवासी था।
पुलिस घटना की जांच में जुटी : पुलिस का कहना है कि आरोपियों के पिछले इतिहास के बारे में पता किया जा रहा है। आशंका है कि उन लोगों की मृतक से पहले से कोई लड़ाई भी थी। शायद वे लोग उसको मारना चाहते थे। लड़की से छेड़छाड़ का बहाना मिलने पर वे अपने काम को अंजाम दे दिए। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है।
