आंध्र प्रदेश में कोरोनावायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। यहां कुछ युवाओं की भीड़ ने एक बुजुर्ग को सिर्फ इसलिए पीटना शुरू कर दिया, क्योंकि वह सड़क पर बिना मास्क पहने निकला था। जब अपने पिटते पिता को भीड़ से बचाने के लिए बेटी ने कोशिश की, तो वहां मौजूद लोगों ने उसे भी पीटा। इस दौरान लड़की को सिर पर चोटें आईं और एक हफ्ते जिंदगी और मौत से लड़ने के बाद शनिवार को आखिर उसकी जान चली गई।
मामला आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले के रेंताचिंताला इलाके का है। पुलिस के मुताबिक, एक दिन लड़की के पिता बिना मास्क पहने सड़क पर निकले थे। इस पर कुछ युवकों ने गुस्सा जताया और उसके साथ बहस करने लगे। इसके कुछ दिनों बाद (3 जुलाई को) एक बार फिर युवकों ने उन्हें बिना मास्क के एक बाजार में घूमते देख लिया। इसके बाद लोगों ने आदमी को घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। बताया गया है कि युवक जब बिना मास्क के व्यक्ति को डंडों से पीट रहे थे, तभी उसकी बेटी ने बीच में कूदकर उसे बचाने की कोशिश की। हालांकि, डंडों की मार उसके सिर पर पड़ी, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गई। बाद में उसे गंभी हालत में गुंटूर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार को उसकी मौत हो गई।
लड़की के पिता की शिकायत पर पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि आंध्र प्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच फेस मास्क को लेकर मारपीट का यह दूसरा मामला है। पिछले महीने ही नेल्लोर में पुलिस ने एक सरकारी अफसर को अरेस्ट किया था। उस पर महिला कर्मचारी से मारपीट की थी।
जानकारी के मुताबिक, महिला ने अफसर से सिर्फ मास्क पहनने के लिए कहा था। इस पर वह इतना गुस्सा हो गया कि महिला को पीटने लगा। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया था। यह घटना नेल्लोर के टूरिज्म डिपार्टमेंट के दफ्तर में हुई थी।